15 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करने आ रहे हैं। इटारसी के रेलवे ग्राउंड पर उनकी सभा है। इसके ठीक दूसरे दिन मोदी धार में भी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 19 को सागर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
भले ही अभी लोकसभा चुनाव की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन दोनों ही दलों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। आठ फरवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भोपाल के जंबूरी मैदान से इसकी शुरूआत कर चुके हैं। भाजपा की ओर से अमित शाह 10 फरवरी को सागर आने वाले थे। लेकिन राहुल गांधी की सभा के ठीक दो दिन बाद होने वाले उनके दौरे को रद्द कर दिया गया।
दिल्ली में हुई बैठक: होशंगाबाद व धार में होने वाली सभा की तैयारियों को लेकर दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के निवास पर बैठक सोमवार को हो चुकी है। इसमें तय हुआ कि दोनों सभाओं में 20-20 विधानसभाओं से बूथ स्तर से लेकर ऊपर तक के कार्यकर्ताओं को लाया जाए। किसी भी सूरत में संख्या एक लाख से कम न हो। होशंगाबाद और धार दोनों संसदीय सीटों पर हाल ही के विधानसभा चुनावों में भाजपा की सीटें ज्यादा रहीं। इसलिए संख्या को लेकर भाजपा थोड़ी आश्वस्त है।
19 को सागर जाएंगे शाह : आगामी 19 फरवरी को रविदास जयंती पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सागर में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। इसकी भी तैयारी सागर में की जा रही है। शाह की सभा को सफल बनाने की पूरे जिम्मेदारी पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव को दे रखी है। बताया जा रहा है पार्टी ने शाह की सभा के लिए कोई टारगेट तो निर्धारित फिलहाल नहीं किया है। लेकिन जो व्यवस्था सभा के लिए की जा रही है उसके अनुसार करीब दो लाख लोग सभा में आ सकते हैं।
इसलिए इटारसी में सभा: राजनीतिक विश्लेषक बैतूल-छिंदवाड़ा बेल्ट से लगे इस क्षेत्र को चुनने के पीछे कमल नाथ के 'गढ़' के करीब घुसकर आक्रामक चुनावी शक्ति प्रदर्शन भी बता रहे हैं। यह भौगोलिक दृष्टि से छह संसदीय क्षेत्रों के साथ रेल यातायात के लिए भी सेंटर पाइंट है और क्षेत्र की 20 विधानसभा सीटों में 13 में भाजपा काबिज है।
इन विधानसभा क्षेत्रों पर भाजपा का कब्जा: बुदनी, खातेगांव, हरदा, हरसूद, भोजपुर, होशंगाबाद, सिवनीमालवा, घोड़ाडोंगरी, टिमरनी, बैतूल, भैंसदेही, सिलवानी, उदयपुरा, तेंदूखेड़ा, गाडरवाड़ा, पिपरिया, सोहागपुर, आमला, मुलताई
ग्वालियर में ट्रांजिट विजिट : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिन मध्यप्रदेश के होशंगाबाद व धार तथा उत्तर प्रदेश के झांसी में दौरा प्रस्तावित है। इसी दौरान मोदी की 15 फरवरी को ग्वालियर में ट्रांजिट विजिट होगी। इसको लेकर मंगलवार को गृह विभाग के अधिकारियों के साथ ग्वालियर सहित अन्य संबंधित जिलों के अधिकारियों की वीसी के माध्यम से बैठक हुई। बुधवार को भी प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ अधिकारियों की बैठक होगी। ग्वालियर में ट्रांजिट विजिट का अभी समय तय नहीं है। अफसरों के मुताबिक मोदी ग्वालियर से झांसी के लिए रवाना होंगे। सभा के बाद वे फिर ग्वालियर आएंगे और यहां से भोपाल जाएंगे। यहां से हेलिकॉप्टर से इटारसी जाएंगे।
