Type Here to Get Search Results !

अधीर रंजन बोले- मोदी सरकार ‘जोकर ऑफ द ईयर’; राहुल को वर्ष का सबसे झूठा बताने पर जावड़ेकर को बहस की चुनौती दी


नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को भाजपा सरकार को ‘जोकर ऑफ द ईयर’ बताया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को वर्ष का सबसे झूठा करार दिया था। जावड़ेकर ने कहा था कि जब राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष थे, तब भी उन्होंने झूठ बोला था। अब इस पद पर नहीं होने के बाद भी उनका झूठ बोलना जारी है। दरअसल, राहुल ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर डिटेंशन सेंटर को लेकर झूठ बोलने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि आरएसएस का प्रधानमंत्री भारत माता से झूठ बोलता है।

चौधरी ने कहा, “जावड़ेकर ने कहा था कि राहुल गांधी साल के सबसे बड़े झूठे हैं। मैं कहता हूं कि भाजपा सरकार साल की सबसे बड़ी जोकर है। मैं प्रकाश जावड़ेकर को आमंत्रित करता हूं कि वे हमसे बहस करें कि क्या प्रधानमंत्री मोदी सबसे बड़े झूठे हैं या राहुल गांधी।” चौधरी ने देश की खराब अर्थव्यवस्था और बैंकों के बढ़ते एनपीए पर भी चिंता जताया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार जल्द ही एनपीए सरकार बन जाएगी।
मोदी ने रैली में कहा था- देश में एक भी डिटेंशन सेंटर नहीं
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए ट्वीट किया था और इसके साथ एक वीडियो साझा की थी। इस वीडियो में असम के डिंटेंशन सेंटर का जिक्र किया गया था और प्रधानमंत्री द्वारा इस तरह का कोई सेंटर न होने की बात कही गई थी। एक हफ्ते पहले, मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान की रैली में कहा था कि भारत में कोई भी डिटेंशन सेंटर नहीं है और न ही किसी भारतीय मुसलमान को वहां भेजा गया।
प्रधानमंत्री के वीडियो में ही डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें: राहुल
इससे पहले राहुल ने एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने असम में बने डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें पोस्ट कीं। भाजपा की तरफ से उन्हें झूठा बताने पर राहुल गांधी ने कहा- मैंने एक वीडियो ट्वीट किया था, जिसमें नरेंद्र मोदी कह रहे थे कि देश में कोई डिटेंशन सेंटर नहीं है। इसी वीडियो में आप डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें देख सकते हैं। अब तय कीजिए कि झूठ कौन बोल रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.