नई दिल्ली। भारत ने तीन वनडे की सीरीज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 256 रन का लक्ष्य दिया। मंगलवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 49.1 ओवर में 255 रन पर सिमट गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर और एरॉन फिंच क्रीज पर हैं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 150+ रन की साझेदारी की। इस दौरान फिंच और वॉर्नर ने अर्धशतक भी लगाया।
फिंच-वॉर्नर ने लगातार 5वीं बार भारत के खिलाफ 50+ रन की साझेदारी की। इससे पहले पाकिस्तान के सईद अनवर और आमिर सोहैल ने 1994 से 1996 के बीच छह बार ऐसा किया था।
वॉर्नर सबसे तेज 5 हजार रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज
वॉर्नर के वनडे में पांच हजार रन पूरे हो गए। सबसे कम पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। वॉर्नर ने 115वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला ने 101, वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज विवियन रिचर्डस और कोहली ने 114 पारी लिए थे।
पंत की जगह मनीष पांडेय कन्कशन सब्स्टिट्यूट
भारत के नियमित विकेटकीपर ऋषभ पंत दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतरे। बल्लेबाजी के दौरान उनके हेलमेट पर गेंद लगी थी। उनकी जगह मनीष पांडेय को कन्कशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे। लोकेश राहुल विकेटकीपिंग कर रहे हैं। वे आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए कीपिंग करते हैं।
धवन ने करियर का 28वां अर्धशतक लगाया
भारत के लिए शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए। यह उनके करियर का 28वां अर्धशतक है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिशेल स्टार्क ने तीन विकेट लिए। पैट कमिंस और केन रिचर्डसन को दो-दो सफलता मिली।
राहुल-धवन ने शतकीय साझेदारी की
लोकेश राहुल 47 रन बनाकर आउट हुए। एश्टन एगर की गेंद पर स्टीव स्मिथ ने उनका कैच लिया। राहुल ने धवन के साथ दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। रोहित शर्मा 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मिशेल स्टार्क की गेंद पर डेविड वॉर्नर ने उनका कैच लिया।
पंत 33 गेंद पर 28 रन ही बना सके
विराट कोहली 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। एडम जम्पा ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लिया। श्रेयस अय्यर 4 रन बनाकर आउट हो गए। रविंद्र जडेजा 25 रन बनाकर केन रिचर्डसन की गेंद पर एलेक्स कैरी को कैच थमा बैठे। शार्दुल ठाकुर ने 13 रन बनाए। उन्हें स्टार्क ने बोल्ड किया। ऋषभ पंत 33 गेंद पर 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें कमिंस ने आउट किया।
चहल-जाधव सहित 5 खिलाड़ी अंतिम एकादश में नहीं
इससे पहले टीम इंडिया मैच में अपने तीनों ओपनर्स रोहित, धवन और राहुल के साथ उतरी। शिवम दुबे, मनीष पांडेय, केदार जाधव, युजवेंद्र चहल और नवदीप सैनी को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। ऑस्ट्रेलिया के मार्नश लबुशाने ने वनडे में डेब्यू किया। वे पिछले साल टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को टीम में जगह नहीं मिली।
