Type Here to Get Search Results !

अब तक 5 हजार 802 केस: दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ और यूपी में घर से निकलने पर मास्क लगाना जरूरी, ऐसा न करने पर जुर्माना और कार्रवाई होगी


नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 5 हजार 802 हो गई। वायरस के फैलाव को रोकने के लिए दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ और यूपी में घर से निकलने पर मुंह पर कपड़ा बांधना या मास्क लगाना जरूरी कर दिया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा- चेहरे पर मास्क पहनने से कोरोना वायरस के प्रसार को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसलिए घर से बाहर निकलते समय चेहरे पर मास्क लगाना अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया है। आप क्लॉथ मास्क का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, संक्रमण को देखते हुए यूपी के सभी जिलों, महाराष्ट्र के मुंबई और चंड़ीगढ़ में घर से निकलने पर मुंह पर कपड़ा बांधना या मास्क लगाना जरूरी होगा, नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को महाराष्ट्र में 117 नए केस मिलने के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 1135 हो गई। मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित एक अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने घटिया क्वालिटी के पीपीई किट दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वहीं, आंध्रप्रदेश में 34, राजस्थान में 20 और मध्य प्रदेश के इंदौर में 22 नए पॉजिटिव मिले। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शाम 5 बजे बताया कि देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5 हजार 274 हो गया है। इनमें से 410 मरीज ठीक हुए, जबकि 149 की मौत हो चुकी है। वहीं, covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक अभी तक देश में कोरोना संक्रमण के मामले 5800 को पार कर चुके हैं।

डॉक्टरों पर हमले पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने देश के कई हिस्सों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर हमले और उनसे दुर्व्यवहार की खबरों पर संज्ञान लिया है। कोर्ट ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के मन में डर बैठ रहा है। राज्य सरकारों और पुलिस-प्रशासन की यह जिम्मेदारी है कि जिन जगहों पर कोरोना के मरीज पाए गए हैं या जहां क्वारैंटाइन किए गए लोगों को रखा गया है, वहां लोगों की स्क्रीनिंग के लिए पहुंचने वाले मेडिकल स्टाफ को जरूरी सुरक्षा मुहैया कराए।
Tags