भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह भारत के लिए गर्व की बात है कि 16 जनवरी से भारत में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान कोरोना वैक्सीनेशन प्रारंभ हो रहा है। जिन दो वैक्सीन 'कोवीशील्ड' व 'कोवैक्सीन' को इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति मिली है ये दोनों 'मेड इन इंडिया' है।
वैक्सीनेशन के प्रथम चरण में लगभग 03 करोड़ व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन लगाया जाएगा। इनमें पहले सभी स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी, रक्षा कर्मी, सफाई कर्मी तथा इसके बाद 50 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों तथा 50 वर्ष से कम आयु के उन व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा, जिन्हें 'को-मॉरबिडिटी' है (अर्थात जो डाइबिटीज, ब्लडप्रेशर, सांस की बीमारी आदि से ग्रसित हैं)।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19 टीकाकरण पर सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, उप राज्यपालों, प्रशासकों को संबोधित कर रहे थे। वीसी में मंत्रालय से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग शामिल हुए। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान आदि उपस्थित थे।
