Type Here to Get Search Results !

प्रदेश में नई तकनीक से होगा भण्डारणः वेयर हाऊस कार्पोरेशन अध्यक्ष राहुल सिंह

भोपाल। केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वेयरहाऊस कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री राहुल सिंह द्वारा भोपाल जिले के मुगलिया कोट स्थित स्टील सायलो केन्द्र का दौरा कर सायलो केन्द्र में भण्डारण की सभी प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। श्री सिंह को इस मौके पर जानकारी दी गई है कि मुगलिया कोट पर स्थित सायलो केन्द्र पाँच लाख क्विंटल क्षमता का है। इसे टर्की की कंपनी द्वारा स्थापित किया गया है। इस स्टील सायलो केन्द्र का संचालन रघुवेश वेयर हाउस द्वारा किया जा रहा है।

अध्यक्ष श्री राहुल सिंह ने कहा कि स्टील सायलो पर भण्डारण तकनीकी दृष्टि से भी बेहतर है, साथ ही उपज का बेहतर तरीके से प्रबंधन स्टील सायलो में किया जा सकता है। किसानों से फसल उपार्जन के हिसाब से देखें तो भी स्टील सायलो केन्द्र बेहतर साबित हुए हैं, किसान यहाँ जल्दी उपज बेंचकर अपने घर जा पा रहे हैं। श्री सिंह ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में लगभग पाँच लाख मेट्रिक टन क्षमता के स्टील सायलो निर्मित हैं, इन्हें बढ़ाकर दस लाख करने पर शासन स्तर से विचार किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में निवेशकों के लिए बेहतर माहौल होने के कारण बहुत से निवेशक मध्यप्रदेश में स्टील सायलो निर्माण के लिए आगे आ रहे हैं।

मौके पर मौजूद स्टील सायलो केन्द्र के कर्मचारियों ने बताया कि इस सायलो केन्द्र को बनाने के लिए आठ एकड भूमि वेयरहाउस कार्पोरेशन द्वारा संबंधित कंपनी को लीज पर उपलब्ध कराई गई है। स्टील सायलो पी.पी.पी. मोड पर चलाया जा रहा है। स्टील सायलो की क्षमता के बारे में उन्होंने बताया कि 5 लाख क्विंटल क्षमता के इस स्टील सायलो में एक मिनिट में 12 ट्रेक्टर-ट्रॉली अनलोड की जा सकती हैं, उपार्जन के दौरान 350 ट्रॉली प्रतिदिन के मान से किसानों की उपज स्टील सायलो केन्द्र पर खरीदी गई। इस सायलो केन्द्र की स्थापना में लगभग 30 करोड़ रूपये की लागत आई है। इसके लिए भूमि राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.