महाकाल और गढ़कालिका मंदिर में इसी ने दांत से काटी थी चेन
उज्जैन। महाकाल मंदिर और गढ़कालिका मंदिर में दो महिला श्रद्धालुओं की चेन चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही दो अन्य महिलाएं भी पकड़ाई है। पुलिस का दावा है कि ये पूरा गिरोह है जो श्रद्धालुओं के साथ मंदिरों में जाकर चेन चोरी करने सहित अन्य सामान लूटता है। ये गिरोह उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ जिले के सुल्तानपुरी से आया है।
गिरफ्तार महिलाओं ने महाकाल मंदिर और गढ़कालिका मंदिर में महिला श्रद्धालुओं के गले से चोरी करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस पूरे गिरोह की तलाश में है। उम्मीद की जा रही है कि इनके साथ कुछ पुरुष सदस्य भी हो सकते हैं। जिस महिला ने महिला श्रद्धालुओं की चेन उड़ाई थी उसका नाम पूजा देवी भारती बताया जा रहा है। उसके पति ने उसे छोड़ रखा है। मंगलनाथ में परिवार के साथ दर्शन करने आई आंध्रप्रदेश की महिला श्रद्धालु का पर्स चोरी करते एक के बाद एक तीन महिलाओं को पकड़ा था। पर्स चोरी होने के बाद श्रद्धालु ने सुरक्षाकर्मियों से शिकायत की थी। घटना के फुटेज देखने के बाद महिलाओं की पहचान की गई। तीनों महिलाएं चोरी करने के बाद मंगलनाथ परिसर में ही घूम रही थी। तीनों को पकड़ने के बाद पूछताछ की गई तो उनके पास से पर्स मिल गया था।
इसके चलते आंध्रप्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने पुलिस को रिपोर्ट नहीं लिखाई। ये महिला आंध्रप्रदेश के आईएएस की बहन है। इधर, तीनों महिलाओं को संदेह के आधार पर और घटनाओं की पूछताछ की गई। पुलिस को शक था कि इन्होंने ही महाकाल और गढ़कालिका मंदिर में चेन लूटी थी। इसके चलते इन महिलाओं को पूछताछ के लिए महाकाल पुलिस को सौंप दिया गया।