Type Here to Get Search Results !

लामता पाइप सिंचाई परियोजना से होगा 55 गाँव में सिंचाई क्षेत्र का विस्तार : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बालाघाट जिले के विधानसभा परसवाड़ा में 146 करोड़ 50 लाख की लागत से बनने वाली लामता पाइप सिंचाई परियोजना लाइन का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के 55 गाँव को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। पाइप लाइन से होने वाली सिंचाई से पानी की बचत होगी, साथ ही सिंचाई भी दोगुना होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परियोजना से लाभान्वित होने वाले क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हाल ही में प्रदेश की बहनों के लिये घोषित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं एवं बहनों के सशक्तिकरण की योजना है। महिलाओं के सशक्त होने से समाज सशक्त होगा। समाज के सशक्त होने से प्रदेश सशक्त होगा तथा प्रदेश के सशक्त होने से देश सशक्त होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना में 5 मार्च से पात्र बहनों के आवेदन भरे जाएंगे। मार्च एवं अप्रैल में आवेदन भरने का कार्य होगा और मई माह में उनका परीक्षण होगा। बहनों के खाते में 10 जून से 1000 रूपए भेजना प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन योजना में अब वृद्धजन को प्रतिमाह मिलने वाली 600 रूपए की राशि बढ़ा कर 1000 रूपए की जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार जनता की जिंदगी को बेहतर करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नई शराब नीति में जोड़े गए नये प्रावधान में एक अप्रैल से सभी मदिरा अहाते बंद किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालाघाट जिले में निवेश की संभावना बढ़ रही है। आगामी दिनों में प्रदेश में एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियाँ होंगी। इसका क्रम जारी हो चुका है। उन्होंने आयुष एवं जल-संसाधन राज्य मंत्री की मांग पर लामता कॉलेज में जल्द ही एमए एवं एमएससी की कक्षाएँ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने भू-अधिकार आवासीय योजना, आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना सहित अन्य जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने लामता को तहसील बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने सिंचाई परियोजना एवं अन्य प्रस्तावों पर तकनीकी आदि सभी पक्षों के विचार के बाद स्वीकृति देने की बात कही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.