Type Here to Get Search Results !

बेगमगंज में ईद उल फितर का त्यौहार अकीदत के साथ मनाया गया, ईदगाह सहित शहर की दो मस्जिदों में हुई ईद की नमाज

  • फिलिस्तीन, गाजा सहित विश्व शांति के लिए की गई दुआ, शहर मुफ्ती ने हलाल कमाई खाने और नशे से दूर रहने की हिदायत दी

बेगमगंज।   
नगर में ईद उल फितर का त्यौहार अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही कोहरा छाने की बावजूद अकीदतमंद नमाज पढ़ने ईदगाह और मस्जिदों में पहुंचे। बीना नदी के किनारे शहर की ईदगाह, बालाई टेकरी मक्का मस्जिद और जमा मस्जिद में ईद की नमाज अदा कर देश प्रदेश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई।



ईदगाह पर होने वाली मुख्य नमाज सुबह 7:45 बजे अदा की गई। नमाज से पहले शहर मुफ्ती एहतेशाम खान ने तकरीर में नौजवानों से कहा- कैरेक्टर और क्वालिटी पैदा करो। नशे से दूरी रखो, हलाल कमाई कमाओ। हलाल और हराम में फर्क करना सीखो, रमजान की बरकतें और ईद के महत्व को बताते हुए शिक्षित होकर दिन के काम को करने और इस्लाम का सही परिचय लोगों से कराने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा ना हो की जानकारी के अभाव में आप अपने ईमान से हाथ धो बैठे। शहर मुफ्ती ने कहा- अपने रोजमर्रा के खर्चों को कम करो लेकिन बच्चों की अच्छी तालीम पर खास ध्यान दो।




दुनिया में अमन के साथ ही सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों के लिए दुआ

यहां नमाज के बाद फलस्तीन, गाजा व विश्व शांति के लोगों के लिए दुआ भी की गई। मक्का मस्जिद बालाई टेकरी में भी दुआ के दौरान जमीयत उलेमा के सदर मौलाना सैयद जैद अली ने और जमा मस्जिद में मौलाना गय्यूर खान ने देश में सौहाद्र कायम करने देश में अमन चैन और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहा है सैनिकों की हिफाजत की दुआ की गई।




विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष पहुंचे मुबारकबाद देने

विधायक देवेंद्र पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी, पार्षद प्रवीण जैन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा अपने-अपने साथियों के साथ ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम बंधुओ को ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही शहर के उलमाओं से भी मुलाकात की।

एसडीएम सौरभ मिश्रा, एसडीओपी सोनाली मिश्रा, तहसीलदार प्रमोद ऊईके टीआई राजीव उईके दलबल के साथ मौजूद रहे शांति और अमन के साथ ईद का पर्व मनाने के साथ-साथ अन्य त्योहार भी शहर की गंगा जमुनी परंपरा के अनुसार मनाए जाने की बात कहते हुए मुस्लिमों को ईद की मुबारकबाद दी। उलेमा इकराम वकील चांद मियां और मोहम्मद मतीन सिद्दीकी के नेतृत्व में अधिकारियों से मुलाकात कर उनके द्वारा कर्तव्य पालन किए जाने पर दुआओं से नवाजा और देश की तरक्की की दुआ की।


उपजेल बेगमगंज में भी अदा की गई ईद की नमाज

वही उपजेल बेगमगंज में भी नमाज अदा की गई तबलीगी जमात के लोग वहां बंदियों के लिए नाश्ता लेकर पहुंचे। जेलर कमल किशोर कोरी द्वारा जेल में निरुध्द बंदियों के लिए नमाज की विशेष व्यवस्था कराई गई। ईद की नमाज अदा करने के बाद लोग अपने स्वर्गीय पूर्वजों की कब्रों के लिए कब्रिस्तान भी गए और वहां उनको इसाले सवाब पहुंचाया। दिन भर दावतों के दौर भी चले, घमी वाले घरों में भी लोग मिजाज पुर्सी के लिए गए।








एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.