- बैनगंगा क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित पहली अंडर-19 लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में आमने सामने होंगी सिवनी ओर नरसिंहपुर
सिवनी। बैनगंगा क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित पहली अंडर-19 लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत पॉलिटेक्निक ग्राउंड, सिवनी में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट का आनंद कराया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व संभागीय खेल अधिकारी मैडम मकसूदा मिर्जा, रिटायर्ड पूर्व डीएसपी एस.बी. मिर्जा, डी.पी. चतुर्वेदी कॉलेज के संस्थापक डॉ. के.के. चतुर्वेदी, महाकाल बस सर्विस के संचालक तेजवली सिंह, कुरई तहसीलदार एस.एस. परतेती एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष अयोध्या विश्वकर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सिवनी येलो ने पांढुर्णा को 61 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया
आज सुबह 8 बजे शुरू हुए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में सिवनी येलो ने पांढुर्णा को 61 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। सिवनी येलो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 193 रन बनाए। टीम की ओर से श्लोक चाचाने ने 44 गेंदों में 79 रनों की आकर्षक पारी खेली, जबकि अंजेश पाल ने 13 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में पांढुर्णा की टीम 18.2 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। पांढुर्णा की ओर से हिमांशु (62 रन) और आराफ कुरैशी (43 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सिवनी येलो की ओर से अंजेश पाल ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 36 रन देकर 4 विकेट हासिल किए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए।
नागपुर को 63 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की
दोपहर 12 बजे शुरू हुए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में नरसिंहपुर ने नागपुर को 63 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। नरसिंहपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आरुष चतुर्वेदी ने 46 गेंदों में 76 रनों की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागपुर की टीम 16.3 ओवर में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नरसिंहपुर की ओर से सऊवीर अरेरा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि आरुष चतुर्वेदी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 13 अप्रैल 2026 को दोपहर 2 बजे सिवनी येलो और नरसिंहपुर के बीच पॉलिटेक्निक ग्राउंड, सिवनी में खेला जाएगा।
फाइनल मैच के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजा बघेल (जनरल सेक्रेटरी, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी) एवं ज्ञानचंद सनोडिया (नगर पालिका अध्यक्ष, सिवनी) उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष अग्रवाल (महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी सिवनी) करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में राजेश त्रिवेदी (पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष, सिवनी), एडवोकेट नरेंद्र गुड्डू ठाकुर (अध्यक्ष टेनिस क्रिकेट एसोसिएशन) जीशान खान, जनाब शोएब राजा एवं मनीष जैन शामिल रहेंगे।
दोपहर 2 बजे फाइनल मैच का शुभारंभ होगा, जबकि शाम 5 बजे पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों एवं क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मैच का आनंद लेने की अपील की है।