- मंदसौर के सुवासरा के पास का वाकया: मछली पकड़ने वालों ने युवती को किसी तरह बचाया और सुवासरा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद हालत खतरे से बाहर
- हुआ कुछ यूं कि जब पुल पर छुप-छुप कर मिलन हो रहा था, तभी परिवार वालों ने देख लिया...जिसके बाद रुसवाई से बचने प्रेमिका जहां चंबल में कूदी, वहीं प्रेमी भाग निकला
सुवासरा (मंदसौर)। चंबल नदी के बसई पुल पर एक-दूसरे के लिए जाने देने की कसमें खा-खाकर सेल्फी ले रहे युवा जोड़े में किसी बात पर तकरार हो गई। इसी बीच परिवार वाले भी पहुंच गए, जिसके बाद रुसवाई से बचने प्रेमिका ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। यह देखते ही जान देने की कसमें खा रहा प्रेमी बचाने के बजाय सिर पर पैर रख कर भाग गया। हालांकि, वहां मछली मारने वालों ने अपनी नाव के जरिए किसी तरह युवती को बचाकर सुवासरा अस्पताल में भर्ती करा दिया।

सुबह पुल पर घूमते हुए सेल्फी बना रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9-10 बजे चंबल नदी के बसई पुल पर युवा जोड़ा दिखाई दिया, जोकि सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों में तकरार हो गई। सूत्रों का कहना है कि इसी बीच परिवार वाले भी भनक लगने पर वहां पहुंच गए। इसके बाद युवती ने पुल पर से चंबल नदी में छलांग लगा दी। यह देख रहे लोगों में हडकंप मच गया। वहां चंबल में मछली के लिए बोट से घूम रहे गोतोखारों ने तत्काल बचाव करके युवती को खींच कर निकाल लिया।
सुवासरा अस्पताल में ठीक है चंबल में कूदने वाली
बचाने वाले बसई कहार भोई समाज के गोताखोर और आसपास के लोगों ने किसी तरह युवती को बाद में सुवासरा के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। इसी बीच युवती के परिवार वाले भी पहुंच गए और युवती की देखभाल में जुट गए हैं।

कारण नहीं बता रही चंबल में कूदने वाली युवती
चंबल नदी में कूदने वाली युवती अनीता पिता विष्णु दास बैरागी निवासी गांव चाहखेडी है, जिसने बसई पुल से छलांग लगाई थी। हालांकि पूछने पर भी उसने कारण नहीं बताया कि क्यों कूदी थी। साथ ही उसके साथ जो युवक था, उसके बारे में भी जानकारी नहीं दी है। वैसे अस्पताल से पुलिस को सूचना दे दी गई है।