Type Here to Get Search Results !

स्व.रामप्रसाद अठ्या की पुण्य स्मृति में चड़ार समाज भवन परिसर में पौधारोपण

बेगमगंज । अखिल भारतीय सर्व चड़ार चिड़ार समाज सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलाराम अठ्या के पूज्य पिता स्व. रामप्रसाद अठ्या की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्यामनगर स्थित चड़ार समाज भवन परिसर में उनकी स्मृति में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।  पुण्य स्मृति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मलखान सिंह जाट थे। उन्होंने पौधारोपण को दिवंगत पूर्वजों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।


इस अवसर पर अखिल भारतीय सर्व चड़ार चिड़ार समाज सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलाराम अठ्या, वरिष्ठ कार्यकर्ता गयाप्रसाद चड़ार, राष्ट्रीय कार्यालय सचिव भगवत सिंह अठ्या, रायसेन जिलाध्यक्ष विश्राम सिंह चड़ार, प्रदेश उपाध्यक्ष वृंदावन अठ्या, भाईसाब अठ्या, रुक्मेश अठ्या सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहाकि किसी दिवंगत प्रियजन की स्मृति में लगाया गया वृक्ष केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जीवन, हरियाली और छाया की विरासत है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलाराम अठ्या ने कहा कि पिता की स्मृति में लगाया गया पौधा उनके लिए भावनात्मक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिस प्रकार माता- पिता अपने बच्चों को स्नेह और संस्कार देकर बड़ा करते हैं, उसी प्रकार लगाए गए पौधों का संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है।

पौधारोपण के पश्चात उपस्थित समाज बंधुओं ने समाज में शिक्षा, सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम का संदेश रहा—


“स्मृतियां केवल तस्वीरों में नहीं, हमारे कर्मों में भी जीवित रहें।

एक पौधा लगाएं, एक स्मृति संजोएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली छोड़ जाएं।