Type Here to Get Search Results !

भाजपा के हाथ से अब समय निकल चुका है, युवा हनुमान हैं और उन्होंने लंका में आग लगा दी है: उमंग सिंघार

  • इंदौर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार
इंदौर। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया द्वारा आयोजित स्नेह बंधन कार्यक्रम में शामिल होने रविवार को इंदौर पहुंचे मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।


मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने युवाओं की बेरोजगारी, ओबीसी आरक्षण, भागीरथपुरा दूषित पानी कांड और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

भाजपा युवाओं को नौकरी नहीं देना चाहती


नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और हर वर्ग के अधिकारों की बात कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर युवाओं की आवाज उठने के बाद अब भाजपा जागी है और अपनी राज्य कार्यसमिति की बैठक में युवा मुद्दे को शामिल कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा आज नौकरी चाहता है। अतिथि शिक्षक हों या वर्ग-1 और वर्ग-2 के शिक्षक, सभी परेशान हैं। सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने की क्षमता है, लेकिन भाजपा सरकार नौकरी देने से बच रही है और इससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है।

ओबीसी के 13 प्रतिशत पद होल्ड क्यों हैं?


सिंघार ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बताए कि ओबीसी के 13 प्रतिशत पद आखिर क्यों होल्ड किए गए हैं। प्रदेश का युवा लगातार परेशान है और अपने अधिकार तथा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के हाथ से समय निकल चुका है। युवा हनुमान हैं और उन्होंने लंका में आग लगा दी है।

भागीरथपुरा दूषित पानी कांड सदन में उठाएंगे

भागीरथपुरा में दूषित पानी की घटना पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वह इस पूरे मामले को विधानसभा में उठाएंगे और सरकार से रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करेंगे।  उन्होंने कहा कि यह केवल भागीरथपुरा का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे इंदौर का सवाल है कि आखिर लोगों को किस तरह का पानी पिलाया जा रहा है। इस मामले में केवल अधिकारियों को दोषी ठहराना पर्याप्त नहीं है। नेता और जनप्रतिनिधि भी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। मामले में जो भी दोषी हैं, उन सभी पर कार्रवाई होनी चाहिए।   

कैलाशजी, आप शक्कर मत खाइए, लेकिन जनता को सस्ती शक्कर कब मिलेगी?

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शक्कर की कीमतों को लेकर दिए बयान पर पलटवार करते हुए उमंग सिंघार ने कहा, कैलाशजी, आप शक्कर मत खाइए, लेकिन जनता को यह बताइए कि शक्कर कब सस्ती मिलेगी और महंगाई कब कम होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है। सरकार को बयानबाजी के बजाय जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।