Type Here to Get Search Results !

सुलभ एवं शीघ्र न्याय का संदेश लेकर जन-जन तक पहुँचेगा प्रचार रथ: व्यापक प्रचार-प्रसार प्रारंभ

  • 12 सितंबर को तृतीय नेशनल लोक अदालत का होगा आयोजन,  प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहनों को किया रवाना

भोपाल ।
  मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशों तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तृतीय नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसी श्रृंखला में जिला न्यायालय परिसर भोपाल से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये प्रचार वाहन जिंगल्स और भव्य फ्लेक्स बैनरों के माध्यम से भोपाल जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण अंचलों में नागरिकों को लोक अदालत के माध्यम से सुलभ न्याय प्राप्त करने के लिए जागरूक करेंगे।


लोक अदालत के बहुआयामी एवं जनहितकारी स्वरूप को रेखांकित करते हुए बताया गया कि यह मंच पक्षकारों के मध्य कटुता को समाप्त कर पारस्परिक सौहार्द एवं सद्भाव को पुनर्स्थापित करने का एक सशक्त जरिया है। इसके माध्यम से प्रकरणों के त्वरित समाधान से पक्षकारों के अमूल्य समय, धन एवं श्रम की बचत होती है। लोक अदालत की सबसे अनूठी विशेषता यह है कि इसमें किसी पक्ष की पराजय नहीं होती, बल्कि दोनों ही पक्षों की जीत सुनिश्चित होती है। प्रकरण का निराकरण होने पर न्याय शुल्क की शत-प्रतिशत वापसी संभव होती है तथा लोक अदालत द्वारा पारित निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होता है, जिसके विरुद्ध किसी अपील का प्रावधान न होने से वर्षों पुराना विवाद सदैव के लिए समाप्त हो जाता है।

इस अवसर पर न्यायपालिका, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश राजर्षि श्रीवास्तव, जिला न्यायाधीश दीपक बंसल, जिला न्यायाधीश संजय कुमार शाही, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्नीन्ध्र कुमार द्विवेदी, सचिव एवं न्यायाधीश (जिविसेप्रा) सुनीत अग्रवाल, विभिन्न जिला न्यायाधीशगण एवं न्यायिक मजिस्ट्रेटगण उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त डिप्टी कलेक्टर रत्नेश श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विशाल शाहवाल, जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष देवेन्द्र रावत, सचिव मुकेश नागपुरे तथा पुलिस, प्रशासन, विद्युत विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी थे।