कानपुर नगर (वेद गुप्ता)। थाना बिधनू क्षेत्रान्तर्गत रमईपुर नाले में गहरे एवं तेज बहाव वाले पानी में एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या के उद्देश्य से छलांग लगाने की सूचना राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना बिधनू पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित एवं प्रभावी रेस्क्यू कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने हेतु तत्काल प्रयास प्रारंभ किए गए। पुलिसकर्मियों की तत्परता एवं साहसिक प्रयासों के फलस्वरूप उक्त व्यक्ति को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू कार्रवाई में हे0का0 गौरव भदौरिया, का0 अवतार सिंह एवं का0 सिराज खान द्वारा सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण सहयोग किया गया।
पानी से बाहर निकाले गए व्यक्ति की पहचान आयुष गुप्ता पुत्र सुनील गुप्ता, निवासी रावतपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए उसके परिजनों/रिश्तेदारों को सूचना दी गई।
आवश्यक कार्यवाही के उपरांत उक्त व्यक्ति को उसके रिश्तेदार के साथ सीएचसी बिधनू भेजा गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक उपचार कराया जा रहा है।
थाना बिधनू पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, तत्परता एवं संवेदनशीलता के चलते व्यक्ति को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य एवं पूर्णतः नियंत्रण में है। प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
रमईपुर नाले में आत्महत्या के उद्देश्य से छलांग लगाने वाले व्यक्ति को पुलिस ने सकुशल बाहर निकाला
सितंबर 01, 2026
Tags