Type Here to Get Search Results !

हर मिनट 2.43 करोड़ रुपए कमाने वाले अमेजन के मालिक जेफ बेजोस ने 5 करोड़ रुपए दान किए, यूजर्स ने ट्रोल किया


नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के आग राहत कोष में 4 करोड़, 89 लाख रुपए (6 लाख, 90 हजार डॉलर) की रकम दान करने पर अमेजन के संस्थापक और सीईओ जेफ बेजोस सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हुए। बोजेस ने इंस्टाग्राम पर ऑस्ट्रेलिया की आग राहत कोष में दान देने की घोषणा की थी। इस पोस्ट के बाद इंटरनेट यूजर्स ने इंस्टाग्राम और ट्विटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे जितनी रकम दान कर रहे हैं, उतनी उनकी पांच मिनट की कमाई है।

बोजेस के पास 8.29 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है, जबकि उनकी कंपनी अमेजन का मूल्य 66.32 लाख करोड़ रुपए है। ब्लूमबर्ग मिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक अमेजन के फाउंडर और सीईओ जेफ बेजोस की नेटवर्थ में सोमवार को 3494 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। इस हिसाब से गणना करें, तो उनकी प्रति मिनट कमाई 2.43 करोड़ रुपए होती है। नेटवर्थ में बदलाव शेयरों की वैल्यू में उतार-चढ़ाव के आधार पर होता है।

बोजेस ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, “हमारी संवेदनाएं जानलेवा आग से जूझ रहे ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ हैं। अमेजन संकटग्रस्त राज्यों को 10 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर की मदद दे रहा है। आप भी पता कीजिए कि अमेजन के ग्राहक के तौर पर इसमें किस तरह मदद कर सकते हैं।”
सोशल मीडिया यूजर बोले- कमाई के आगे दान न के बराबर
  • एक यूजर ने लिखा कि दुनिया भर के लोगों ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 हजार करोड़ रुपए जुटाए हैं। अगर बोजेस अकेले इतनी रकम दान करते, तब भी उनके पास 8 लाख करोड़ से ज्यादा की संपत्ति बची रहती।
  • यूजर्स ने बोजेस की दूसरे धनवान लोगों के साथ तुलना करते हुए कहा कि बोजेस की तरफ से दान की गई रकम उनके व्यवसाय की तुलना में कुछ भी नहीं है। एक यूजर ने कहा- बोजेस के लिए यह ऐसा ही है जैसे मैं कहीं 2 डॉलर दान कर दूं।
  • एक अन्य यूजर ने कहा "दान के लिए कोई भी रकम मायने रखती है, लेकिन जब आप दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं और अपनी कमाई की महज आधा प्रतिशत रकम दान करते हैं, तो यह मदद से ज्यादा प्रचार की तरीका ज्यादा नजर आता है।”
ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में सितंबर, 2019 से लगी है आग
ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग के लिए फेसबुक ने करीब 9 हजार करोड़ रुपए दान किए हैं। टेलीविजन सेलिब्रिटी कीली जेनर और मेटेलिका बैंड ने भी बड़ी रकम दान की है। ऑस्ट्रेलिया के झाड़ीनुमा जंगलों में पिछले साल सितंबर से आग लगी है। दक्षिण-पूर्वी ऑस्ट्रेलिया के 30 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आग फैल चुकी है और करीब 63000 वर्ग किमी जमीन का पूरा पारिस्थितिक तंत्र जलकर तबाह हो गया है। न्यू साउथ वेल्स में आग लगने के बाद से अब तक 1000 से अधिक घर जलकर खाक हो चुके हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.