नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच 3 टी-20 की सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बारिश के कारण खेल अब तक शुरू नहीं हो सका है। चोट से उबरे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ओपनर शिखर धवन की टीम में वापसी हुई। बुमराह ने पिछला मैच अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। वहीं, धवन ने 10 नवंबर को बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 मैच खेला था। 15 सदस्यीय दल में शामिल मनीष पांडेय, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल और रविंद्र जडेजा को अंतिम एकादश में नहीं रखा गया।
इस सीरीज में रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है। धवन ने रणजी ट्रॉफी में शतक लगाकर अपनी फिटनेस साबित की है। रोहित की जगह टीम में शामिल हुए धवन को अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अपनी फॉर्म साबित करनी होगी। उनके साथ लोकेश राहुल ओपनिंग करने उतरेंगे।
दोनों टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर।
श्रीलंका: लसिथ मलिंगा (कप्तान), दनुष्का गुणतिलका, अविष्का फर्नांडो, कुशल परेरा (विकेटकीपर), ओशादा फर्नांडो, भनुका राजपक्षे, धनंजय डी सिल्वा, दसुन शनाका, इसुरू उडाना, वनिंदु हसरंगा, लहिरू कुमारा।
भारत अब तक श्रीलंका से टी-20 सीरीज नहीं हारा
दोनों टीमों के बीच अब तक 6 टी-20 सीरीज हुई हैं। इसमें भारत ने 5 सीरीज जीतीं, एक ड्रॉ रही। यानी टीम इंडिया आज तक श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज नहीं हारी। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 16 टी-20 में भारत ने 11 में जीत दर्ज की। श्रीलंका को सिर्फ 5 में जीत मिली। दोनों टीमों के बीच आखिरी मैच 12 मार्च 2018 को हुआ था। इसमें भारत को 6 विकेट से जीत मिली थी।
कोहली के पास सबसे ज्यादा रन बनाने का मौका
भारतीय कप्तान विराट कोहली मैच में 1 रन बनाते ही टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इस वक्त रोहित शर्मा और विराट कोहली इस फॉर्मेट में 2633 रन के साथ बराबरी पर हैं। रोहित को इस सीरीज में आराम दिया गया है। ऐसे में कोहली के पास उनसे आगे निकलने का मौका है। कोहली ने अब तक 75 मैच में 52.66 की औसत और रोहित ने 104 टी-20 में 32.10 की औसत से रन बनाए हैं।
