लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे लोगों की पहचान करने में जुटी है। शुक्रवार को कानपुर और सहारनपुर में तब्लीगी जमात से जुड़े 65 विदेशी नागरिक पकड़े गए। इससे पहले अधिकारियों ने 429 जमातियों के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे थे। इनमें से आज 42 के संक्रमित होने की रिपोर्ट आई। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोनावायरस से पीड़ित मरीजों की संख्या 172 हो गई है। वहीं, गाजियाबाद में क्वारैंटाइन में किए गए जमातियों के द्वारा नर्सों से अभद्रता करने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने का आदेश दिया है। योगी ने कहा, ‘‘ये लोग मानवता के दुश्मन हैं, जो कानून-व्यवस्था को नहीं मानेंगे। इन्होंने महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जो किया है, वह जघन्य अपराध है। हम इन्हें नहीं छोड़ेंगे।’’
अलीगढ़ के बाद कन्नौज जिले में भी नमाज के लिए जुट रही भीड़ को रोकने गई पुलिस टीम पर पथराव हुआ। इस हमले में जख्मी 4 पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हमलावरों की तलाश में इलाके में छापेमारी कर रही है। अलीगढ़ में पथराव करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मौलाना रशीद फिरंगी महली ने फतवा जारी कर कहा है कि दूसरों की जान खतरे में डालना इस्लाम के खिलाफ है। इसलिए सब लोग मिलकर सरकार का सहयोग करें। अपनी कोरोना जांच कराएं।
यूपी में 172 संक्रमित, आज 44 नए पॉजिटिव मिले
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को 44 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 172 हो गई है। इनमें से 42 तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल हुए थे, जो पिछले दिनों यूपी के अलग-अलग जिलों में लौटे हैं। संक्रमित 6 जमाती कानपुर के अस्पताल में भर्ती हैं। इनके संपर्क में कौन-कौन लोग आए हैं। उन्हें तलाशना बड़ी चुनौती है। सभी संक्रमित लोगों के परिजन को क्वारैंटाइन किया गया है।
योगी ने 87 लाख से अधिक लाभार्थियों के खाते में भेजी पेंशन
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना के तहत 87 लाख से अधिक बुजुर्ग, निराश्रित, दिव्यांग व कुष्ठ रोगियों को पेंशन उनके खाते में हस्तांतरित की है। योगी ने कहा- जैसे हम सभी ने इंसेफेलाइटिस को हराया है, ठीक उसी तरह हम कोरोनावायरस के खिलाफ विजयी होंगे। इस दौरान सीएम योगी ने कुछ पेंशन लाभार्थियों से बातचीत भी की और उनसे सरकारी लाभों पर उनकी प्रतिक्रिया ली। सीएम योगी ने 87,71,781 लाभार्थियों को 871.48 करोड़ रुपए ऑनलाइन हस्तांतरित किए हैं। इन लाभार्थियों में से 49,87,054 को 498.71 करोड़ रुपए की वृद्धावस्था पेंशन, 26,06, 213 निराश्रित महिलाओं को 260.63 करोड़ रुपए, 106.78 करोड़ की 10,67 786 दिव्यांग और 5.38 करोड़ रुपये की 102828 कुष्ठ रोगियों को पेंशन दी गई।
मायावती की अपील- कोरोना महामारी से लड़ने के लिए एक-एक करोड़ रुपए दें सभी बसपा विधायक
बसपा सुप्रीमो मायावती ने पार्टी विधायकों से विधायक निधि से जरूरतमंदों की मदद के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने को कहा है। इसके साथ ही अपने जरूरतमंद पड़ोसियों की भी मदद करने को भी कहा है। बसपा सुप्रीमो ने शुक्रवार को ट्वीट कर देशभर में कोरोना वायरस की महामारी के मद्देनजर खासकर यूपी के बसपा विधायकों से भी अपील है।
गाजीपुर: बेटे ने तेरहवीं भोज का अनाज अन्नपूर्णा बैंक में दान किया
कोरोनावायरस से बचाव के लिए 14 अप्रैल तक संपूर्ण देश में लॉकडाउन है। इस बीच रोज कमाने खाने वालों के सामने खाद्यान्न संकट है। सरकार इस संकट की घड़ी में जरुरतमंदों तक राहत पहुंचा रही है, लेकिन समाज में भी तमाम कोरोना वॉरियर्स हैं, जो मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। ऐसा ही मामला गाजीपुर जिले से सामने आया है। यहां जखनियां तहसील के रहने वाले एक परिवार ने मृत सदस्य का तेरहवीं संस्कार बेहद संक्षिप्त तरीके से किया और जो अनाज बचा उसे अन्नापूर्णां बैंक में दान कर दिया। जिसे पुलिस व प्रशासनिक टीम ने जरूरतमंदों तक पहुंचाया है।
पीएम मोदी की अपील पर सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने साधा निशाना, कहा - दिलों में उजाले बनाए रखिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश के लोगों के अपील की है कि रविवार पांच अप्र्रैल को रात नौ बजे सभी लाइटें बंद करके घर के दरवाजे या बालकनी में खड़े होकर नौ मिनट तक मोमबत्ती, दीया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं। पीएम मोदी के इस अपील के कुछ देर बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक ट्वीट किया, उन्होंने लिखा कि बाहर भी कम न होगी रोशनी, दिलों में उजाले बनाए रखिए।
