Type Here to Get Search Results !

आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की कल्पना साकार करने में करदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान - वित्त मंत्री देवड़ा

भोपाल। वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि भारत को 5 ट्रिलियन की अर्थ-व्यवस्था बनाने और आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में करदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि बेहतर कराधान व्यवस्था और संग्रहीत करों से सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हो पाता है।

वित्त मंत्री श्री देवड़ा आज प्रशासन अकादमी में वर्ष 2022-23 का प्रदेश को बजट तैयार करने की प्रक्रिया में करदाताओं, कर विशेषज्ञों और उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के प्रतिनिधियों से बजट पूर्व चर्चा कर रहे थे।

श्री देवड़ा ने कहा कि कोविड महामारी के बावजूद सभी के सहयोग से वित्तीय वर्ष 2020-21 में जीएसटी, वेट और वृत्ति कर से 32 हजार 764 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ । चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में 38082 करोड़ की राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में भी सबका सहयोग महत्वपूर्ण और सराहनीय रहेगा।

वित्त मंत्री ने समय पर कर भरने और प्रदेश के विकास के प्रति संवेदनशील रहने के लिये करदाताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर रिटर्न और जीएसटी का भुगतान करने से मध्यप्रदेश ने जीएसटी रिटर्न फाइल करने में देश के अग्रणी पाँच राज्यों में स्थान बना लिया है।