- इंदौर नारकोटिक्स की टीम ने अशोकनगर जिले के गांव कडराना से 2 किलोग्राम एमडी ड्रग्स सहित 45 किलो केमिकल बरामद किए
अशोकनगर / भोपाल। पहली बार अशोकनगर जिले के दूरस्थ गांव में एमडी ड्रग फैक्टी पकड़ी गई है। यहां आधी रात की गई छापामारी में ढाई करोड़ रुपए कीमती एमडी ड्रग और निर्माण सामग्री जब्त की गई है।

इंदौर की नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टीम ने चंदेरी थाना क्षेत्र के कड़राना गांव में सोमवार रात को दबिश देकर भारी मात्रा में ड्रग्स, केमिकल और हथियार जब्त किए हैं। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अशोकनगर जिले में यह पहला मामला है जब स्थानीय स्तर पर ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई है। यह छापामारी सुबह तक चलती रही।
नारकोटिक्स की 15 सदस्यीय टीम ने आधी रात मारा छापा
इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार इंदौर नारकोटिक्स की 15 सदस्यीय टीम ने देर रात करीब 1:30 बजे गांव के निवासी राघवेंद्र परमार के घर पर छापा मारा। नारकोटिक्स टीम ने तलाशी ली, जिसमें मौके से 1 किलो 282 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स और 2 किलो 570 ग्राम अर्ध-तैयार ड्रग्स बरामद की गई। इसके अलावा एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला 45 किलो एमडी ड्रग केमिकल और संबंधित उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
जंगल के पास बियाबान में चल रहा था कारोबार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघवेंद्र पुत्र बलराम सिंह परमार (38) और प्रियांशु पुत्र सुनील जैन (31) निवासी हाट का पुरा, चंदेरी जिला अशोकनगर के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी चंदेरी के जंगली इलाके में स्थित कड़राना गांव में एमडी ड्रग्स का अवैध कारोबार चला रहे थे। इंदौर की नारकोटिक्स टीम को इस फैक्ट्री के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद तस्दीक होने के बाद छापा मारा गया।
पिस्टल और भोपाल पासिंग कार भी जब्त
नारकोटिस टीम की छापेमारी के दौरान टीम को एक लाइसेंसी पिस्टल, 15 जिंदा राउंड और एक मैगजीन भी मिली है। इसके साथ ही भोपाल आरटीओ पासिंग नंबर की एक कार (एमपी 04-सीयू-5182) भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई आधी रात से शुरू होकर सुबह तक चली।