Type Here to Get Search Results !

12 जायरीन उमरा यात्रा के लिए हुए रवाना

  • बेगमगंज में समाजजनों ने फूल-मालाएं पहनाकर किया स्वागत, मक्का-मदीना में करेंगे मुल्क की खुशहाली की दुआ

बेगमगंज (शब्बीर अहमद)।
  पवित्र मक्का-मदीना शरीफ की हज यात्रा के बाद महत्वपूर्ण धार्मिक यात्रा मानी जाने वाली उमरा के लिए बेगमगंज तहसील से 12 महिला-पुरुष जायरीन शनिवार को रवाना हुए। यात्रा पर जाने वालों में सेवानिवृत्त चालक जलील शाह अपनी पत्नी, बेटे जमील अली ठेकेदार, बहू और पोती सहित बरखेड़ी जोरावर गांव के शरीफ खां मंसूरी, शहजाद खां मंसूरी, जलील खां मंसूरी, अनीस खां मंसूरी सहित तीन महिलाएं शामिल हैं।


रवाना होने से पहले सभी जायरीन मरकज मस्जिद पहुंचे, जहां जिम्मेदारों ने उमरा यात्रा के महत्व और अरकान के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सफर की आसानी और उमरा की कुबूलियत के लिए विशेष दुआ की गई तथा तलबिया पढ़ाया गया।

जायरीनों के रवाना होने के दौरान रास्ते में जगह-जगह सभी समाजों के लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं। स्वागत करने वालों में पूर्व नपाध्यक्ष मलखान सिंह जाट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर, जिला वनोपज संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष बाबूलाल पंथी, हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष संजय राय, पार्षद राजेश यादव, गोकुल साहू, अनूप जैन, रीतेश गुप्ता, दीपक शर्मा, पत्रकार विशाल शिल्पकार सहित रायसेन से आए राजीव शर्मा आदि शामिल रहे।


सभी जायरीन बेगमगंज से कार द्वारा भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद ट्रेन से दिल्ली और वहां से फ्लाइट के जरिए जद्दा पहुंचेंगे। जद्दा से मक्का शरीफ पहुंचकर उमरा के अरकान अदा करेंगे। इसके बाद मदीना शरीफ पहुंचकर रोजा-ए-रसूल पर हाजिरी देने के साथ मुल्क और क्षेत्र की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ करेंगे।