Type Here to Get Search Results !

सीसामऊ में कांग्रेस की हुंकार, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ पदयात्रा निकाल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

  • 1 नवम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में शामिल होने का दिया न्यौता
कानपुर, 26 अक्टूबर। कानपुर महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में आज सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ पदयात्रा निकालकर लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा का संकल्प लिया गया। पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवाज बुलंद की।


महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस पदयात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जगदीश जांगिड़ एवं राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मनमोहन कटोच सहित सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, वोट के अधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और जनता के मताधिकार की सुरक्षा पर निर्भर करती है। कांग्रेस अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।


पदयात्रा के माध्यम से आम जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगामी 1 नवम्बर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने का न्यौता दिया गया। नेताओं ने अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र की रक्षा के इस अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया।

कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि वोट की ताकत, लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा