Type Here to Get Search Results !

एच. ई. योग मित्र मंडल के नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि साधना शिविर का भव्य समापन,

भोपाल। एच. ई. योग मित्र मंडल, पिपलानी, बीएचईएल, भोपाल द्वारा आयोजित नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि साधना शिविर का भव्य समापन 19 अक्टूबर 2026 को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में हवन, पूजन एवं माँ दुर्गा की आरती के साथ सम्पन्न हुआ। 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक आयोजित इस शिविर में साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग, ध्यान एवं विभिन्न आध्यात्मिक साधनाओं का लाभ प्राप्त किया।   
                        

शिविर का संचालन आनंदधर्मा सरस्वती एवं आचार्य चित्सागर के सान्निध्य में किया गया। नौ दिवसीय इस साधना शिविर का उद्देश्य साधकों में आध्यात्मिक चेतना का विकास, मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना था।

शिविर के दौरान प्रतिदिन माँ दुर्गा का पूजन, भोग एवं आरती के साथ गुरु वंदना, देवी माँ का ध्यान, महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र एवं सौन्दर्य लहरी का पाठ किया गया। क्रिया योग के अंतर्गत अजपा-जप, अंतर मौन ध्यान, अश्विनी मुद्रा, बंध-अभ्यास एवं उज्जायी जैसी साधनाओं का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त दुर्गा तन्त्रोक्तम्, देवी सूक्तम् एवं सिद्ध कुञ्जिका स्तोत्रम् के पाठ के माध्यम से साधकों ने देवी आराधना एवं आध्यात्मिक साधना में सहभागिता की।



समापन समारोह में मुख्य अतिथि  हेम राम पटेल , महाप्रबंधक (मानव संसाधन), बीएचईएल, भोपाल तथा मंडल अध्यक्ष बसंत कुमार उपस्थित रहे। समारोह में साधकों ने अपने साधना अनुभव साझा किए। इस अवसर पर आर. के. आर्य,  सुभाष दुबे, आर. डी. साह, श्रीमती अरुणा तारे, अमरकांत झा, एम एम शर्मा एवं श्रीमती विमला सहजवानी ने अपने अनुभवों के माध्यम से साधना के लाभों एवं उसके सकारात्मक प्रभावों को अभिव्यक्त किया।

मुख्य अतिथि श्री हेम राम पटेल जी ने अपने उद्बोधन में योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास एवं साधना व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, सकारात्मकता, मानसिक संतुलन एवं आत्मिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समापन अवसर पर विधि-विधानपूर्वक हवन सम्पन्न हुआ तथा माँ दुर्गा की आरती की गई। उपस्थित साधकों ने विश्व कल्याण, सुख-शांति, समृद्धि एवं जनमानस के मंगल की कामना की। सम्पूर्ण आयोजन भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत रहा।



एच. ई. योग मित्र मंडल के महासचिव सतेन्द्र कुमार ने शिविर के सफल आयोजन में मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने वाले संतों, अतिथियों, साधकों, योग परिवार के सदस्यों एवं सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन व्यक्ति को आंतरिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ आत्मानुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं आध्यात्मिक चेतना के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम का समापन माँ दुर्गा के जयकारों एवं “हरि ॐ तत्सत” के पावन उद्घोष के साथ हुआ।