- संगीत, नृत्य, काव्य और हास्य प्रस्तुतियों से सजी सांस्कृतिक संध्या का हुआ आयोजन
कानपुर नगर (वेद गुप्ता)। कानपुर मेट्रो द्वारा आज ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत बड़ा चौराहा स्टेशन पर ‘कुछ शब्द’ संस्था के सहयोग से एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने संगीत, नृत्य, काव्य और हास्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नन्हे कलाकारों द्वारा विभिन्न वाद्ययंत्रों पर दी गई शानदार प्रस्तुतियां रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर लगभग 1:00 बजे हुई। प्रतिभाशाली बाल कलाकारों ने कीबोर्ड, गिटार और हारमोनियम पर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। भूविक मेहरोत्रा, अद्यांश द्विवेदी , मोहिक मेहरोत्रा और युवराज यादव ने कीबोर्ड पर, जबकि अनाय केडिया और योगेश मिश्रा ने गिटार पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इन कलाकारों ने ‘जब कोई बात बिगड़ जाए’, ‘किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार’, ‘गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं’ और ‘चाहूं मैं या ना’ जैसे लोकप्रिय गीतों की मधुर धुनें सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, नन्ही कलाकार श्रेयांशी ने हारमोनियम पर ‘राम आएंगे’ गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद काव्य और हास्य का दौर शुरू हुआ। इमरान बिल्हौरी, खिलौना कानपुरी और अर्णव शर्मा ने अपनी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं, रंजीत बाबू और अरविंद भारती ने हास्य से भरपूर किस्सों और अपनी रोचक प्रस्तुति से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कार्यक्रम के अगले चरण में विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज में सुरीले गीत प्रस्तुत किए। अवंतिका गुप्ता, शैल्वी, राजेश मिश्रा, आरव राज सहित अन्य कलाकारों ने ‘अजीब दास्तां है ये’, ‘ओ हंसिनी’ और ‘रहें ना रहें हम’ जैसे सदाबहार गीतों की खूबसूरत प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। इस अवसर पर नन्ही कलाकार इनाया वाजपेयी ने भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों ने इस आयोजन के लिए कानपुर मेट्रो के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘शो योर टैलेंट’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि कानपुर मेट्रो न केवल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध करा रहा है, बल्कि इस पहल के माध्यम से कला, साहित्य और संस्कृति को भी बढ़ावा दे रहा है। यह मंच उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अपनी कला को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।



