Type Here to Get Search Results !

इमरान खान की तारीफ के बहाने महबूबा मुफ्ती ने साधा मोदी सरकार पर निशाना

नई दिल्ली जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के साथ गठबंधन में सरकार चला चुकी पीडीपी और बीजेपी के रास्ते अब अलग हैं। प्रदेश की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने ट्विटर पर पाकिस्तान की तारीफ के बहाने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। पाकिस्तान में गुरु नानक जी के नाम पर यूनिवर्सिटी का नाम रखने की तारीफ करते हुए कहा कि पाकिस्तान में हालात बेहतर हो रहे हैं और भारत पीछे की तरफ जा रहा है।

मुफ्ती ने वक्त कैसे बदलता है के फलसफे के आधार पर केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'समय कैसे बदलता है। केंद्र की सर्वोच्च प्राथमिकता ऐतिहासिक शहरों का नाम बदलना और राम मंदिर बनाना है। दूसरी तरफ, यह देखना कितना सुखद है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने एक सकारात्मक कदम उठाया है। बलोकी फॉरेस्ट रिजर्व का नाम गुरु नानक जी के नाम पर रखा जा रहा है और एक यूनिवर्सिटी भी उनके नाम पर बनाई जाएगी।' 


2019 लोकसभा चुनावों से पहले सभी सियासी दल अपनी तरफ से पूरी तैयारी में जुटे हैं। पीडीपी राज्य में और टीडीपी केंद्र में मोदी सरकार की सहयोगी रह चुकी है। हालांकि, गठबंधन से अलग होने के बाद ये दोनों दल एक-दूसरे पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने इलाहाबाद का नाम प्रयागराज, हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर सरकार ने गुड़गांव का नाम बदलकर गुरुग्राम रखा है।
Tags