नैरोबी। सोमालिया के इस्लामिक आतंकी संगठन अल-शबाब ने रविवार सुबह केन्या के लामा काउंटी में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया। हमले में 7 एयरक्राफ्ट और 3 वाहन नष्ट हो गए। हालांकि किसी की जान नहीं गई। लामू काउंटी के कमिश्नर इरुंगा मचारिया के मुताबिक, हमले के 5 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
केन्या की लामू काउंटी के 'मंदा बे' में अमेरिका और कैन्या का संयुक्त सैन्य एयरबेस है। पेंटागन के मुताबिक, सैन्य कैम्प में करीब 100 अमेरिकी जवान तैनात हैं। अल शबाब के प्रवक्ता ने मीडिया समूह अल जजीरा से कहा कि इस हमले का मिडिल ईस्ट में चल रहे विवाद से कोई संबंध नहीं है।
सोमालिया में ट्रक बम से 79 लोगों की जान गई
सोमालिया से संचालित आतंकी संगठन अल-शबाब, अल कायदा से जुड़ा है। उसने पहले भी कई बार केन्या पर हमले किए हैं। एक हफ्ते पहले ही उसने सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में ट्रक बम से हमला किया था, जिसमें 79 लोगों की जान गई थी। जवाब में अमेरिका ने एयर स्ट्राइक कर 7 आतंकियों को मार गिराया था।
सितंबर में भी अमेरिकी बेस पर हमला किया
अल-शबाब ने सितंबर 2019 में सोमालिया में एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमला किया था। मोगादिशु से 110 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में स्थित बालेडोगले में अमेरिकी ठिकाने पर यह हमला किया गया था। वहां बंदूकधारियों ने गोलीबारी भी की थी। इसके बाद यूरोपीय संघ (ईयू) के सलाहकारों के काफिले पर भी हमला हुआ था। हालांकि, दोनों हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ था।