Type Here to Get Search Results !

जेल में बंद कैदियों को फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर दिया जाए, देशभर में बढ़ाई जाए कोरोना टेस्टिंग लैब की संख्या


नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस बीच जेलों में बंद कैदियों की सुरक्षा की मांग भी उठने लगी है। शनिवार को दिल्ली हाईकोर्ट में वकील विकास पडोरा ने जनहित याचिका दाखिल की। इसमें उन्होंने कोर्ट से अपील की कि वे केंद्र सरकार को कैदियों को संक्रमण से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए आदेश दें। याचिका में कहा गया कि कैदियों को भी मास्क और सैनिटाइजर मिलना चाहिए। देशभर की जेलों में क्वारैंटाइन सेंटर और आइसोलेशन वार्ड शुरू किए जाने चाहिए। इस मामले में 24 मार्च को सुनवाई होगी।
नए कैदियों को जांच के बाद जेल में भेजा जाए
याचिका में कहा गया कि नए कैदियों को स्क्रीनिंग के बाद जेल में भेजा जाए। नए कैदियों से ही यह वायरस पुराने कैदियों में भी फैल सकता है। देशभर की जेलों में कैदियों की संख्या बहुत ज्यादा है। तिहाड़ जेल में ही 12,100 कैदी हैं। देश में मौजूद हर जेल में करीब 5 हजार से ज्यादा कैदी हैं। सभी की सुरक्षा जरूरी है।
टेस्टिंग लैब बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका
सुप्रीम कोर्ट में पत्रकार विपुल टंडन ने याचिका दाखिल की है। इसमें देशभर में कोरोना टेस्टिंग लैब बढ़ाने के लिए सरकार को आदेश दिए जाने की मांग की गई है। याचिका के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इससे निपटने के लिए ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग लैब की आवश्यकता है।
Tags