Type Here to Get Search Results !

अब तक 8 हजार 939 मामले: दो महानगर दिल्ली और मुंबई सबसे ज्यादा प्रभावित, दोनों ही शहरों में संक्रमितों की संख्या एक हजार से ज्यादा


नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8 हजार 939 हो गई। रविवार को महाराष्ट्र में 134, तमिलनाडु में 106, राजस्थान में 96 और मध्यप्रदेश में 33 मामले सामने आए। वहीं, गुजरात में 25, कर्नाटक में 17 और पश्चिम बंगाल में 8 मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार शाम 5 बजे तक देश में 8 हजार 447 लोग संक्रमित हैं। इनमें से 7 हजार 409 का इलाज चल रहा है। 764 ठीक हुए हैं और 273 की मौत हो चुकी है। इधर, न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि देश में अब तक मेडिकल प्रोफेशन से जुड़े करीब 90 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें डॉक्टर्स, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं।

इधर, स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के जो केस हैं, उनमें से केवल 20% मामले ऐसे हैं, जिनमें आईसीयू सपोर्ट की आवश्यकता है। मंत्रालय ने कहा कि 80% मामलों में संक्रमण के बेहद हल्के लक्षण हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब 8356 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि आज अगर हमें 1671 बिस्तरों की जरूरत है, तो हमारे पास एक लाख पांच हजार बेड हैं। 601 अस्पतालों में केवल कोरोना संक्रमितों का इलाज किया जा रहा है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बताया कि देश में कोरोना की 40 वैक्सीन पर काम जारी है, लेकिन अभी की कंडीशन यह है कि हमारे पास कोरोना की कोई दवा नहीं है।
हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन से फायदे से ज्यादा नुकसान- एम्स डायरेक्टर
मलेरिया की दवा हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन को कोरोना के इलाज में मददगार बताए जाने पर एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि लैब से प्राप्त कुछ डेटा से पता चलता है कि हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का कोविड-19 के संक्रमण में कुछ असर हो सकता है, लेकिन यह बात पुख्ता नहीं है। आईसीएमआर के विशेषज्ञों का मानना है कि यह कोरोनावायरस के क्लोज कॉन्टैक्ट में रहे लोगों के लिए कुछ मददगार हो सकती है, लेकिन यह सभी के इलाज के लिए नहीं है। इससे हृदय से संबंधित परेशानियां हो सकती हैं। यह धड़कनों पर असर डाल सकती है। दूसरी दवाओं की तरह इसके भी साइड इफेक्ट्स हैं। यह आम लोगों के लिए फायदे से ज्यादा नुकसानदेह हो सकती है। 
25 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 25 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के सात केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, दादरा एवं नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
Tags