भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण अब नियंत्रित होता जा रहा है। पॉजिटिव आने वालों की संख्या लगातार कम हो रही है, लेकिन अभी सावधानी बनाये रखना आवश्यक है। कल लगभग 76 हजार टेस्ट कराये गये जिनमें से केवल 1640 पॉजिटिव आए और 4 हजार 995 लोग स्वस्थ हुए। प्रदेश का रिकवरी रेट बढ़कर 95% हो गया है। पॉजिटिविटी की दर घट कर अब 2.1% रह गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास से मीडिया के लिए जारी संदेश में यह बात कही।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि डिंडोरी जिले में पॉजिटिव प्रकरण शून्य हो जाना बधाई की बात है। प्रदेश के 23 जिले ऐसे हैं जहां पॉजिटिव केस 10 से कम हैं। कटनी, आगर-मालवा, बुरहानपुर और खण्डवा में तो 1-1 ही केस आया है। टीकमगढ़ और सिंगरोली में 2-2 प्रकरण आए हैं परंतु मुरैना में सतर्कता जरूरी है। यहां कल 48 पॉजिटिव प्रकरण आये थे, जिनकी संख्या आज 75 हो गई है। स्थिति को संभालने के लिए कोरोना गाइड लाइन का गंभीरता से पालन करना जरूरी है, नहीं तो संकट बढ़ने का खतरा रहेगा। अत: मुरैनावासियों को गंभीरता से प्रयास करने होंगे। इंदौर, भोपाल, सागर,रतलाम और अनूपपुर में पिछले सात दिनों की पॉजिटिविटी 5% के आसपास है। यह चिंता का विषय है।
