भोपाल। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग आज सुबह कोरोना संक्रमण रोकने के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सुबह 7 बजे से ही साइकिल पर नगर भ्रमण पर निकले। मंत्री श्री सारंग के साथ कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया, नगर निगम आयुक्त श्री के.वी.एस. चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा सहित अन्य अधिकारियों ने साइकिल चलाकर जगह-जगह लोगों को कोरोना के प्रति सचेत रहने की समझाइश दी।
मंत्री श्री सांरग ने होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी हासिल की। मरीजों ने बताया कि वह स्वस्थ हैं, उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं है। उन्होंने एक स्थान पर मेडिकल किट देरी से प्राप्त होने की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। श्री सारंग ने मरीजों से कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिये घर से बाहर न निकलें। घर में भी सोशल डिस्टेंसिंग के साथ अलग रहें। मास्क की अनिवार्यता जरूरी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय टीम आपके सतत् संपर्क में है, साथ ही एसडीएम, सीएसपी और नगर निगम के एडिश्नल कमिश्नर की टीम सतत् मॉनिटरिंग कर रही है।
मंत्री श्री सारंग ने विभिन्न मार्केट में पहुँचकर दुकानदारों और खरीददारों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि भोपाल को कोरोना से मुक्त करने के लिये सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क जरूरी है। बिना मास्क के ग्राहकों को दुकानदार सामान उपलब्ध न करायें ताकि लोगों में मास्क पहनने की आदत बन सके। उन्होंने दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग के लिये गोले बनाने की भी हिदायत दी।
