Type Here to Get Search Results !

होशंगाबाद में कोविड टीकाकरण अभियान पूरी गति से जारी

दूरस्थ क्षेत्रों तक नागरिकों को टीका लगाने पहुंचा स्वास्थ्य विभाग का अमला

होशंगाबाद। जिले के सभी 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को पहले डोज का टीकाकरण के उद्देश्य चलाया जा रहा टीकाकरण का विशेष अभियान पूरी गति से जारी है । अभियान के दूसरे दिन भी नागरिकों ने उत्साह के साथ टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचकर कोविड का टीका लगवाया। समस्त टीका करण केंद्रों पर नागरिकों की सुविधाओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं रही। कलेक्टर होशंगाबाद नीरज कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में टीकाकरण अभियान का सफलता पूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा प्रत्येक ब्लॉक व केंद्रवार टीकाकरण कार्य की सघन मॉनिटरिंग की गई। जिला प्रशासन के साथ ब्लॉक, ग्राम, वार्ड स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप, स्वयंसेवी संगठनों, वालंटियर्स, स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ एएनएम, आशा,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व साहियकाएं पूरे समर्पण एवं सेवाभावना से नागरिकों के टीका करण कार्य में जुटी रही । इनके द्वारा टीके के पहले डोज से वंचित नागरिकों के घर घर जाकर उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया गया और केंद्र पर आए नागरिकों को टीका लगवाने में मदद भी की गई। रविवार को जिले के दूरस्थ ब्लॉक बनखेड़ी के ग्राम डोलनी मे नागरिकों के टीका करण के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम दुर्गम मार्ग में पैदल चल दूधी नदी को पार कर वैक्सीनेशन के लिए पहुंची और नागरिकों का टीकाकरण किया गया।जिला प्रशासन द्वारा टीकाकरण केंद्रों पर आने वाली दिव्यांगों और वृद्धजनों की केंद्र पर मौजूद नोडल अधिकारियों द्वारा सहायता की गई और उनकी उनकी सुविधाओं को देखते हुए बाहर आकर बाइक, ऑटो वाहन आदि सुलभ स्थानों पर टीका करण किया गया। साथ ही चलने में असमर्थ दिव्यांगों और वृद्धजनों को मोबाइल वैन के द्वारा घर पर ही जाकर टीका लगाया गया।प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर नियुक्त नोडल अधिकारी व सेक्टर अधिकारी द्वारा केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ केंद्र पर नागरिकों का मोबिलाइजेशन सुनिश्चित किया गया। साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण केंद्रों का सतत भ्रमण कर टीकाकरण कार्य को सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित किया गया।