धर्मशाला। श्रीलंका ने दूसरे टी-20 मैच में टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 184 रन का टारगेट रखा है। जवाब में भारत ने 7 ओवर तक 2 विकेट खोकर 51 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं।
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए 183/5 का स्कोर बनाया था। ओपनर पाथुम निसंका (75) टॉप स्कोरर रहे, जबकि कप्तान दासुन शनाका ने 47 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, हर्षल पटेल और भुवनेश्वर कुमार ने 1-1 विकेट लिया।
टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में दुष्मंता चमीरा ने कप्तान रोहित शर्मा (1) को बोल्ड कर दिया। पिछले मैच के हीरो ईशान किशन 16 रन बनाकर लाहिरु कुमारा की गेंद पर आउट हुए।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए पाथुम निसंका और दनुष्का गुणाथिलक ने 52 गेंदों पर 67 रन जोड़े। यह जोड़ी भारत के लिए परेशानियां खड़ी कर रही थी, तभी रवींद्र जडेजा ने गुणाथिलक (38) का विकेट लेकर टीम को पहली कामयाबी दिलाई। उनका कैच लॉन्ग ऑन पर वेंकटेश अय्यर ने शानदार डाइव लगाकर पकड़ा। अगले ही ओवर में युजवेंद्र चहल ने चरिथ असलंका (2) को LBW आउट किया।