भोपाल। एम.पी. ट्रांसको (एम.पी. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने प्रदेश के अपने ट्रांसमिशन नेटवर्क में 1000वाँ ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत कर एक उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। 132 के.व्ही. सब-स्टेशन हरदा में 63 एम.व्ही.ए. क्षमता का पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित एवं ऊर्जीकृत कर एम.पी. ट्रांसको ने यह सफलता प्राप्त की है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एम.पी. ट्रांसको के कार्मिकों को यह उपलब्धि हासिल करने पर बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव बताया है।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि एम.पी. ट्रांसको ने इसके पूर्व भी अनेक उपलब्धियाँ हासिल कर देश की ट्रांसमिशन यूटिलिटी में प्रमुख स्थान बनाया है। एम.पी. ट्रांसको 2.63 प्रतिशत पारेषण हानि के साथ देश में न्यूनतम पारेषण हानि वाली ट्रांसमिशन यूटिलिटी है। इसके अलावा एम.पी. ट्रांसको की ट्रांसमिशन सिस्टम उपलब्धता निर्धारित 98.5 प्रतिशत के विरूध्द देश में सर्वश्रेष्ठ 99.45 प्रतिशत है।
एम.पी. ट्रांसको में इस 1000वें ट्रांसफार्मर की स्थापना से प्रदेश की ट्रांसफॉर्मेशन केपेसिटी बढ़ कर 77 हजार 109 एम.व्ही.ए. हो गयी है। इसमें 400 के.व्ही. में 11 हजार 200, 220 के.व्ही. में 31 हजार 875 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. में 34 हजार 34 एम.व्ही.ए. शामिल है।
एम.पी. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के नेटवर्क में 414 अति उच्चदाब के सब स्टेशन क्रियाशील है। इसमें 400 के.व्ही.वोल्टेज स्तर के 14 हजार 220 के.व्ही. के 88 सब स्टेशन तथा 132 के.व्ही. वोल्टेज के 312 सब स्टेशन शामिल हैं।