Type Here to Get Search Results !

लोगों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का लक्ष्य - मुख्यमंत्री श्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति बिना जमीन का नहीं रहेगा। जिनके पास रहने की जमीन नहीं है उन्हें जमीन का पट्टा देकर मालिक बनाया जाएगा। हमारी सरकार ने किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने की व्यवस्था की है। किसानों को केन्द्र और प्रदेश सरकार मिलकर 01 साल में 12 हजार रुपये दे रही है। किसानों की सुविधा के लिए ट्रांसफार्मर अनुदान पर रखने की योजना प्रारंभ की जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज खरगोन में किसान एवं लाड़ली बहना सम्मेलन में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने खरगोन जिले के 3673 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। उन्होने कहा कि जनता की सेवा के लिए सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। सरकार आम जनता की जिंदगी बदलने के लिए प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना बनाकर सरकार ने महिलाओं की जिंदगी बदलने का काम किया है। शादी नहीं होने कारण जो बहनें इस योजना में छूट गई है उन्हें भी इसका लाभ दिलाया जाएगा। इस योजना से माह की 10 तारीख को लाड़ली बहना दिवस बना दिया है और बहनें हर माह इस तारीख का इंतजार करती है। अभी इस योजना में 1250 रुपये की राशि दी जा रही है। इसे बढ़ाकर 03 हजार रुपये तक किया जाएगा। हमारा लक्ष्य बहनों की आमदनी स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने का है। लाड़ली बहनों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना प्रारंभ की गई है और उसमें बहनों का पंजीयन प्रारंभ हो गया है। अगले 03 साल में इस योजना में सभी बहनों के मकान बना दिए जाएंगे। उज्ज्वला योजना की हितग्राही महिलाओं और लाड़ली बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने का इंतजाम कर दिया है। अगले माह से बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर मिलना प्रारंभ हो जाएगा।