Type Here to Get Search Results !

शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन आरंभ, मुख्यमंत्री चौहान ने हरी झण्डी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस अमूल्य सौगात से नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही इस क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। श्री चौहान ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार माना। उन्होंने कहा कि इस रेल से प्रदेश का यह जनजातीय बाहुल्य जिला सीधे नागपुर से जुड़ेगा। इसका बड़ा लाभ हमें विकास में मिलेगा, फसलों का उत्पादन विशेष रूप से श्री अन्न का व्यापार बढ़ेगा। शहडोल-अनूपपुर-उमरिया को नई रेल का लाभ मिलेगा। क्षेत्र की जनता इस उपलब्धि के लिए बधाई की पात्र है। "रेल चली रे रेल चली - शहडोल से नागपुर रेल चली" का सपना आज साकार हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शहडोल में जल्द ही अत्याधुनिक एयरपोर्ट का निर्माण होगा। एयरपोर्ट के बिना निवेश आने में कठिनाई होती है, एयरपोर्ट आने से क्षेत्र में बड़े कल कारखाने लगने का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विकास और जनता के कल्याण में हम कोई कसर नहीं रहने देंगे, उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि "शहडोल के विकास की आवाज हूँ-मैं शिवराज हूँ"।