Type Here to Get Search Results !

अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन: किसानों ने पुतले जलाए और डील निरस्त करने की मांग की

  • सागर जिले के ढकरई गांव में किसानों ने डील निरस्त नहीं होने पर दी अनिश्चितकाली आंदोलन की चेतावनी

सागर। संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आव्हान पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में सागर संभाग में आंदोलन तेज हो गया है। सागर जिले की तहसील जैसीनगर अंतर्गत ग्राम ढकरई में किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित उद्योगपति अडानी के पुतले दहन किए।




संयुक्त किसान मोर्चा के संभाग पदाधिकारी एवं भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप ठाकुर ने कहा कि देश को आर्थिक गुलामी की ओर ले जाने वाले किसी भी समझौते पर हस्ताक्षर नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका अपने किसानों को भारी सब्सिडी देता है, जबकि भारतीय किसान सीमित संसाधनों में खेती करता है। ऐसे में अमेरिकी कृषि उत्पादों से प्रतिस्पर्धा करना भारतीय किसानों के लिए संभव नहीं होगा और भारतीय किसान बर्बाद हो जाएंगे।


अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य पदाधिकारी राहुल ने कहा कि भारत सरकार कृषि आयात पर शूÑन्य प्रतिशत शुल्क के लिए सहमत हो रही है, जिससे देश के किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुंदरलाल यादव ने भी कहा कि भले ही प्रत्यक्ष रूप से सोयाबीन या मक्का का आयात न हो, लेकिन इसके प्रभाव से स्थानीय किसान आर्थिक रूप से कमजोर होंगे।


कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष नितिन ठाकुर ने किया। इस दौरान राहतगढ़, सागर, जैसीनगर सहित ढकरई गांव के सैकड़ों किसान प्रदर्शन में शामिल हुए। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक प्रस्तावित ट्रेड डील निरस्त नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.