भोपाल। बीते ढ़ाई महीने से राजधानी पुलिस के साथ आंख मिचौली खेल रहा ईरानी गिरोह का असली सरगना कुख्यात काला ईरानी मंगलवार को दोपहर में भोपाल कोर्ट पहुंचा और सरेंडर कर दिया। इसके बाद दिनभर रहा और शाम को जमानत मिलने के बाद चला गया। हालांकि रात दिन काला ईरानी की तलाश में जुटी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। मोस्ट वांटेड काला ईरानी उर्फ नजफ अली मंगलवार को भोपाल अदालत पहुंच गया। तब उसकी सुरक्षा के लिए ईरानी गिरोह के दर्जनभर से ज्यादा ईरानी बदमाश आसपास घेरे हुए चल रहे थे। इसके बाद काला ईरानी की ओर से मजिस्ट्रेट लोकेश तारण की कोर्ट में जमानत याचिका पेश की गई, जिस पर थाना निशातपुरा के अपराध क्रमांक-987/25 अंतर्गत धारा 147, 148, 149, 294, 341, 323, 504, 34 में सुनवाई के बाद शाम को जमानत मंजूर हो गई। इसके बाद तत्काल काला ईरानी अपने गुर्गों के पहरे में अदालत के पीछे वाले रास्ते से निकल गया।
जल्द होगी काला ईरानी की गिरफ्तारी
इस बारे में पुलिस उपायुक्त जोन-4 मयूर खंडेलवाल का कहना है कि काला ईरानी के कोर्ट पहुंच कर सरेंडर करने और जमानत लेकर निकल जाने की सूचना सही समय पर नहीं मिल पाई। वैसे काला ईरानी की जल्द ही दूसरे मामलों में गिरफ्तारी होगी, जिसके लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
मुंबई और नोएडा पुलिस लंबे समय से तलाश में
ईरानी गैंग का सरगना कुख्यात काला ईरानी को ठगी, लूट और डकैती के दर्जनों में मामलों में करीब आधा दर्जन मामलों में तलाश है। इसके चलते कई बार दूसरे राज्यों की पुलिस भोपाल के ईरानी डेरा को खंगाल चुकी है। इनमें से तीन मामलों में नोएडा पुलिस को और मुंबई के चार-पांच अलग-अलग थानों में दर्ज डकैती और ठगी के आपराधिक मामलों में काला ईरानी की तलाश है। इसी के चलते बीते सालभर से मुंबई पुलिस की भोपाल की निशातपुरा थाना पुलिस को सूचित करती रहती है।
ड्रग सप्लाई के दर्जनों मामलों में है तलाश
राजधानी भोपाल के पुलिस कमिश्नर सजंय कुमार सिंह ने पदभार संभालते ही ईरानी डेरे पर जबर्ददस्त एक्शन लेते हुए अमन कालोनी स्थित ईरानी डेरे पर छापामारी करवाई थी। नतीजे में पकड़ में आए ड्रग सप्लाई के आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में काला ईरानी के शामिल होने के सबूत मिलने के बाद से ही निशातपुरा पुलिस को तलाश है।
राजस्थानी डकैती के 17 लाख की बंदरबांट
सूत्रों के अनुसार राजस्थान में बीते साल डकैती ईरानी गैंग ने की थी। इसका मुख्य आरोपी शावर अली है, जो ईरानी डेरे पर छापामारी में पकड़ा गया है। बताते हैं कि राजस्थान में डकैती के 17 लाख रुपए काला ईरानी के पास ही पहुंचे थे। इसी में से करीब 3 लाख रुपए काला ईरानी की बहन लेडी डान मईमी के आरक्षक दामाद को मिले हैं। इसकी भनक राजधानी पुलिस को लगने के बाद शावर अली से डकैती के साथ ही लाखों रुपए बंटवारे की तहकीकात होगी। वहीं गिरफ्तारी के बाद काला ईरानी से भी इस बारे में पूछताछ की तैयारी में पुलिस है।
मीडिया मैनेजमेंट में जुटा लेडी डान का दामाद
लेडी डान मईमी भी लंबी फरारी के बाद पुलिस की छापामारी में पकड़ी गई है, जिसके बाद से जेल में है। लेडी डान मईमी की शार्ट हाइट बेटी ने बिना तलाक लिए ही पुलिस आरक्षक से शादी की है। हालांकि आरक्षक की पहले से पत्नी और बच्चे हैं। यही आरक्षक दामाद अपनी सास और ससुराल वालों को पुलिस की हर गतिविधि पहले ही लीक करता है, जिससे बच निकलते हैं। वहीं डकैती के तीन लाख रुपयों से सोशल मीडिया मैनेज कर रहा है। यही कारण है कि ईरानी गैंग का असली सरगना होने के बाद भी काला ईरानी का नाम मीडिया में नहीं आता। इसी तरह लेडी डान मईमी के बारे में भी कहीं चर्चा तक नहीं होती।
ईरानी गिरोह का सरगना काला ईरानी पहुंचा भोपाल कोर्ट और जमानत लेकर गायब हो गया, पुलिस तलाश रही महीनों से
फ़रवरी 17, 2026
0
Tags
