Type Here to Get Search Results !

स्वर संगीत एवं स्वास्थ्य सेवा समिति ने की कैंसर पीड़ित को मदद की पहल

  • संगीत कार्यक्रमों से जुटाई राशि से जरूरतमंदों की कर रहे सहायता

बेगमगंज। नगर की सामाजिक संस्था स्वर संगीत एवं स्वास्थ्य सेवा समिति एक प्रयास ग्रुप द्वारा जरूरतमंद और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों की सहायता का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में समिति के सदस्यों ने वार्ड क्रमांक 2 ईश्वर नगर पहुंचकर कैंसर पीड़ित श्याम बाई एवं उनके परिवार से मुलाकात की तथा आर्थिक सहयोग राशि प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया।



समिति के सदस्यों ने बताया कि संस्था विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संगीत प्रस्तुत कर सहयोग राशि एकत्रित करती है। इसी राशि से जरूरतमंद, असहाय एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों की मदद की जाती है। समिति का उद्देश्य संगीत के माध्यम से समाज सेवा को बढ़ावा देना और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाना है।

समिति के जितेंद्र सिंह तोमर, विक्रम ठाकुर ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रहे परिवारों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक सहयोग की भी आवश्यकता होती है। संस्था लगातार ऐसे परिवारों तक पहुंचकर मदद करने का प्रयास कर रही है ताकि कठिन समय में उन्हें सहारा मिल सके। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर सेवा कार्य करता है तो पीड़ित परिवारों में नई उम्मीद जागती है।

समिति अब तक नगर एवं आसपास क्षेत्र के कई असहाय कैंसर पीड़ितों की सहायता कर चुकी है। इस दौरान समिति के सदस्य पवन दुबे, संदीप कंडया, संजीव ओसवाल निलेश मिश्रा राजीव दुबे भरत हरे रामा , सुनील सोनी,प्रमोद कुमार जैन, सोनू सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्याम बाई के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।