Type Here to Get Search Results !

सेफ क्लिक 2.0 अभियान का शुभारंभ 24 को, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेगें साइबर जागरूकता रथ का फ्लैग आफ

  • रवीन्द्र भवन भोपाल में होने वाले आयोजन में इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ एमओयू, स्कूलों के लिए साइबर बुकलेट और जागरूकता वीडियो का होगा विमोचन

भोपाल ।  डिजिटल युग में नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी सेफ क्लिक 2.0 साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की उपस्थिति में 24 जून 2026 के सायंकाल रविन्द्र भवन, भोपाल में किया जाएगा।


 मध्यप्रदेश पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी, आॅनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित विषयों के प्रति जागरूक करना है, ताकि नागरिक सुरक्षित साइबर व्यवहार अपनाकर स्वयं एवं समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रख सकें।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू  (Memorandum of Understanding)  पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार की गई विशेष साइबर जागरूकता बुकलेट का भी विमोचन किया जाएगा, जिसका उपयोग प्रदेश के स्कूलों में जागरूकता गतिविधियों के लिए किया जाएगा।

इस अवसर पर सेफ क्लिक 2.0 अभियान के विशेष वीडियो का अनावरण भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर ठगी से बचाव एवं सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए जाएंगे।

समारोह के अंतर्गत मुख्यमंत्री के समक्ष साइबर सुरक्षा विषय पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो जनसामान्य को सरल एवं प्रभावी माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करेगा।

इसके अतिरिक्त, प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों के संचालन हेतु तैयार साइबर जागरूकता रथ को मुख्यमंत्री द्वारा फ्लैग आफ किया जाएगा। यह रथ प्रदेशभर में नागरिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंचाएगा।

मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध आॅनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा  www.cybercrime.gov.in पर दें तथा सुरक्षित डिजिटल भारत के निर्माण में सहभागी बनें।