- पहले ही 4.12 करोड़ रुपए का बैंक खाता सीज किया गया
- गिरोह के खातों से 60 करोड़ रुपए का लेन-देन की जानकारी
कानपुर (वेद गुप्ता)। कानपुर कमिश्नरेट साउथ जोन के डीसीपी, एडीसीपी व एसीपी नौबस्ता के निर्देशन में बरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में ₹25 हजार के इनामी आरोपी अंचित गोयल (26) को आगरा के सिकंदरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी फर्मों के माध्यम से GST चोरी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी से अर्जित रकम को ठिकाने लगाने का काम करता था। जांच में उसके गैंग द्वारा संचालित फर्जी फर्मों में ₹60 करोड़ से अधिक के लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि गैंग के खातों में मौजूद अवैध धनराशि को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि पूर्व में गैंग से जुड़े ₹4.12 करोड़ से अधिक की रकम पहले ही फ्रीज कराई जा चुकी है।
आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। उसके खिलाफ बरा थाने में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं सहित जीएसटी चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं। उक्त प्रकरण का प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ज्वाइंट कमिश्नर विपिन ताड़ा ने खुलासा करते हुए आरोपी पर कड़ी कार्यवाही कर न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू करने को बताया!
