Type Here to Get Search Results !

यूपीएमआरसी ने परिचालन सेवा आरंभ होने के 9 वर्ष पूर्ण होने पर मनाया ‘मेट्रो दिवस’

  • कानपुर मेट्रो के 4 कर्मचारी विभिन्न श्रेणियों में एमडी मेडल से सम्मानित
  • यूपीएमआरसी टीम ने केपीआई के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बढ़ाया गौरव: एमडी सुशील कुमार


कानपुर ।  उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने आज राज्य में पहली बार मेट्रो परिचालन सेवा आरंभ किए जाने के 9 वर्ष पूर्ण होने पर ‘मेट्रो दिवस’ मनाया। यूपीएमआरसी ने 5 सितंबर 2017 को लखनऊ में अपनी पहली मेट्रो ट्रेन सेवा आरंभ की थी। इस अवसर पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो की यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित विशेष फोटो प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर मेट्रो के चार कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एमडी मेडल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूपीएमआरसी की तीनों मेट्रो सेवाओं; कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


कानपुर मेट्रो के चार कर्मचारियों को एमडी मेडल

विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले यूपीएमआरसी कर्मचारियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। ‘बेस्ट प्रोजेक्ट स्टाफ’ श्रेणी में कानपुर मेट्रो के नंद कुमार झा (सेक्शन इंजीनियर ग्रेड-I/सिगनलिंग एंड टेलीकॉम) तथा ‘बेस्ट ऑपरेशन एंड रोलिंग स्टॉक स्टाफ’ श्रेणी में सुश्री कामिनी सिंह (सेक्शन इंजीनियर ग्रेड-II/रोलिंग स्टॉक) को एमडी सिल्वर मेडल प्रदान किया गया।



इसी प्रकार, ‘बेस्ट मेंटेनेंस स्टाफ’ श्रेणी में कानपुर मेट्रो की सुश्री रेनू चौरसिया (सेक्शन इंजीनियर ग्रेड-I/सिगनलिंग एंड टेलीकॉम) तथा 'बेस्ट सपोर्टिंग स्टाफ’ श्रेणी में  निहाल पाठक (प्रबंधक/जनसंपर्क विभाग) को एमडी ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।


फोटो प्रदर्शनी और सांस्कृतिक आयोजन रहे आकर्षण के केंद्र


9वें ‘मेट्रो दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मेट्रो कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने ‘पुष्पक से मेट्रो तक’ थीम पर नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें प्राचीन काल से आधुनिक मेट्रो तक परिवहन के विकास की यात्रा को रोचक ढंग से दर्शाया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में मेट्रो की खूबसूरती, यात्रा और अनुभवों को तस्वीरों में संजोने वाली फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे दर्शकों से खूब सराहना मिली।



उत्तर प्रदेश मेट्रो ने सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन में पहचान बनाई


इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो परिचालन के 9 वर्षों का सफल सफर कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। इन वर्षों में उत्तर प्रदेश मेट्रो ने सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि यूपीएमआरसी ने प्रति यात्री किराया राजस्व में 30% अधिक, प्रति किलोमीटर आय में 29% अधिक तथा गैर-किराया राजस्व प्रति किलोमीटर में 95% अधिक प्रदर्शन दर्ज किया है। साथ ही, सिगनलिंग विश्वसनीयता में 75% अधिक और ऊर्जा दक्षता में बेहतर प्रदर्शन यूपीएमआरसी की कार्यक्षमता और उत्कृष्टता को दर्शाता है।