Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर पहुंचे

  • कानपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा, जहां एक तरफ विकास की सौगात, तो दूसरी तरफ सियासत का तीखा वार देखने को मिला

कानपुर ।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर पहुंचे, जहां महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उन्होंने बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना की और महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इसके बाद मुख्यमंत्री नानाराव पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने विकास परियोजनाओं और जनसभा के जरिए कानपुर को बड़ी सौगात दी। बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411.77 करोड़ रुपये की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। लेकिन इस दौरे का सियासी पारा तब चढ़ा, जब मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘बड़े मियां-छोटे मियां’ कहा। राम मंदिर से लेकर नाम बदलने की राजनीति तक, मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरा।


महर्षि वाल्मीकि जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री सबसे पहले बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की, रामायण पाठ में हिस्सा लिया और वनदेवी मंदिर में भी दर्शन किए। इसके बाद मुख्यमंत्री नानाराव पार्क पहुंचे, जहां बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 411.77 करोड़ रुपये है। इसमें करीब 266.72 करोड़ रुपये की 29 परियोजनाओं का लोकार्पण और लगभग 145.07 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
 

इन परियोजनाओं में मधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज मार्ग को चार लेन करने, बिल्हौर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण, चौबेपुर के बनी गांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय और ईशन नदी पर पुल के निर्माण जैसे अहम कार्य शामिल हैं। इनका मकसद क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

लेकिन विकास की इन घोषणाओं के बीच मुख्यमंत्री ने सियासी मंच से विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।
योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए दोनों को ‘बड़े मियां-छोटे मियां’ कहा। नाम बदलने की राजनीति पर उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए विपक्ष पर सवाल उठाए।


वहीं, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर निर्माण के रास्ते में कई अड़चनें आईं, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने राम मंदिर निर्माण का कार्य पूरा कराया। आज लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि जो लोग पहले ‘मियां’ की सियासत करते थे, आज वही ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे हैं।