Type Here to Get Search Results !

कानपुर मेट्रो: बड़ा चौराहा स्टेशन पर संगीत, नृत्य और काव्य प्रस्तुतियों ने जीता यात्रियों का दिल

  • ‘शो योर टैलेंट’ पहल के तहत आयोजित हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम; नन्हे कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतिया,  स्वच्छता सप्ताह के तहत स्वच्छता के प्रति फैलाई गई जागरूकता

कानपुर ।  कानपुर मेट्रो ने आज अपनी ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर ‘सिंगर्स की दुनिया’ एवं ‘कुछ शब्द’ संस्था के सहयोग से नृत्य, काव्य और संगीत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से यात्रियों और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।



कार्यक्रम का आरंभ दोपहर लगभग 12:00 बजे हुआ। सबसे पहले बाल कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। नन्ही कलाकार शुभि सिंह की कथक नृत्य प्रस्तुति ने समां बांध दिया। प्रियांशी, अनन्या, आराध्या सहित अन्य कलाकारों ने ‘वो किसना है’, ‘देखो देखो है शाम बड़ी’, ‘मोरनी बागा मा बोले’ और ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।




इसके बाद काव्य प्रस्तुतियों का दौर चला, जहां कई युवा कवियों ने अपनी प्रभावशाली रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवयित्री शमा ने ‘बड़ी अल्हड़ सी लड़की है, तिजारत भूल जाती है’, कवयित्री रिचा तिवारी ने ‘कभी है सह, कभी है मात’ तथा कवि रज्जू सिंह ने ‘तू मुझे इश्क की कैद में रख, आग लगे मेरी आजादी को’ जैसी रचनाओं से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।


नृत्य और कविता के बाद संगीत प्रस्तुतियों की श्रृंखला आरंभ हुई। विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज से पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। सलोनी, सूर्यांश, देवांश, आरती, अमित बाजपेयी, लक्ष्मी प्रसाद, राहुल, अवंतिका, शैलेन्द्र कुमार जमीर, अनाया, रेयांश सहित अन्य कलाकारों ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘दिल पे जख्म खाते हैं’, ‘अंखियों से गोली मारे’ और ‘बेकरार करके हमें यूं न जाइए’ जैसे सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें श्रोताओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं यात्रियों को स्वच्छता के महत्व और इसे बनाए रखने में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया।



उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो ने नवोदित एवं स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए ‘शो योर टैलेंट’ नामक पहल की शुरुआत की है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कानपुर मेट्रो न केवल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध करा रहा है, बल्कि साहित्य, संस्कृति और कला को प्रोत्साहित करने वाले एक सशक्त मंच के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।