Type Here to Get Search Results !

पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने नवजोत कौर सिद्धू को बताया प्रवासी पक्षी

चडीगढ़
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष ने नवजोत कौर सिद्धू पर निशाना साधा है और उन्हें 'प्रवासी पक्षी' करार दिया है। पंजाब बीजेपी प्रमुख श्वेत मलिक ने चंडीगढ़ से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के वास्ते कांग्रेस का टिकट मांगने पर पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू पर यह टिप्पणी की।




श्वेत मलिक ने कहा, ‘वह अमृतसर से विधायक रहीं और उनके पति फिलहाल वहीं से विधायक हैं। उनके पति (नवजोत सिंह सिद्धू) ने अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़ा था। अब वह क्यों अमृतसर से भागकर चंडीगढ़ पहुंच गईं? ये लोग पूरी तरह विफल रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू एक विफल सांसद थे और अब (कांग्रेस सरकार में) विफल मंत्री। अब उनके राजनीतिक करियर पर काला बादल छा गया है। मैं उन्हें (नवजोत कौर सिद्धू को) प्रवासी पक्षी कहता हूं, जो अब नए गंतव्य की तलाश में हैं।’ बताते चलें कि नवजोत कौर सिद्धू ने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस टिकट का दावा किया है। अमृतसर (पूर्व) की विधायक और मुख्य संसदीय सचिव रह चुकीं नवजोत कौर सिद्धू ने पिछले हफ्ते चंडीगढ़ स्थानीय कांग्रेस को आवेदन दिया था। इसी सीट पर पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने भी कांग्रेस का टिकट पाने के लिए दावा किया है।
Tags