Type Here to Get Search Results !

10 दिन में 53 सैंपल लेकर पूरा कर लिया सालभर का आधा टारगेट, पिछले साल के 37 मिलावटी निकले

रतलाम। राज्य सरकार के आदेश के बाद जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ जांच अभियान में पहली बार ऐसी तेजी दिख रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पिछले सालभर में जितने खाद्य पदार्थ के सैंपल लिए थे, उसके आधे सैंपल 10 दिन में ले लिए। मिलावटखोरों के खिलाफ विभाग की जांच जारी है। इसलिए यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई हाेगी।

विभाग ने 10 दिन में मिठाई, नमकीन सहित अन्य दुकानों की जांच कर खाद्य पदार्थों के 53 सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। पिछले पूरे साल में विभाग ने 117 सैंपल लिए थे। इसमें से 37 सैंपल फेल हुए है। इनमें सबसे ज्यादा सैंपल मिलावटी दूध के हैं। इन सभी के प्रकरण एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत कर मिलावटखोरों पर विभाग ने 2.53 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है।
संयुक्त टीम ने 53 सैंपल लिए। इसमें सबसे ज्यादा 18 सैंपल दूध के हैं। मिलावटखोरों के खिलाफ 10 दिन पहले राज्य सरकार के बाद चीफ सेक्रेटरी मोहंती ने सभी कलेक्टरों काे कार्रवाई के आदेश दिए थे। उन्होंने कहा था कि मिलावटी सामान खाने-पीने से जाे बीमारी और तकलीफ होती है, इस पीड़ा को महसूस करना होगा। यह आपके साथ भी हो सकता है। इसलिए कार्रवाई ऐसी हो कि मिलावट करने वाले और मिलावटी सामान बेचने वाले दोनों को सजा मिले। प्रदेश का अभियान देश के लिए नजीर बन जाए। हाहाकार मच जाना चाहिए।