भोपाल। कृषि मंत्री कमल पटेल के निर्देशानुसार प्रदेश में टिड्डी नियंत्रण के लिये सघन अभियान जारी है। पटेल ने विभागीय अमले को ताकीद की है कि टिड्डी नियंत्रण के लिये की जा रही कार्यवाही में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाये।
विगत दिवस जबलपुर संभाग के सिवनी जिले के बरघाट विकासखंड के ग्राम नादी और सेला में टिड्डी दल का रात्रि ठहराव हुआ। इसके नियंत्रण के लिये 10 ट्रैक्टर चलित स्प्रे-पंप और 3 फायर ब्रिगेड से 100 लीटर रसायनों का छिड़काव किया गया। इसी प्रकार मुरैना जिले के सबलगढ़ विकासखंड के ग्राम टटेरा में भी 2 फायर ब्रिगेड द्वारा कीटनाशकों का छिड़काव कर नियंत्रण की कार्यवाही की गई।
ग्वालियर संभाग के शिवपुरी जिले में 2 टिड्डी दलों के ठहराव की सूचना प्राप्त होने पर प्रभावी कार्यवाही की गई। जिले के शिवपुरी के पोहरी विकासखंड के ग्राम गणेशखेड़ा तथा बदरवास विकासखंड के ग्राम पचमेरी में टिड्डी दल के ठहराव के मद्देनजर इनके नियंत्रण के लिये 2-2 फायर ब्रिगेड से प्रत्येक दल पर 100 लीटर कीटनाशकों का उपयोग किया गया।
