Type Here to Get Search Results !

ब्लेक फंगस के उपचार के लिए बेड्स बढ़ाएं, इंजेक्शन उपलब्ध कराएं

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में ब्लेक फंगस के उपचार के लिए बेड्स बढ़ाए जाएं तथा इंजैक्शन एंम्फोटेरिसन- बी की उपलब्धता बनी रहे। हवाई मार्ग से इंजेक्शन नियमित रूप से आवश्यकता अनुसार मंगाए जाएं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण निरंतर कम हो रहा है। आज की स्थिति में देश के कोरोना केस लोड में मध्यप्रदेश का योगदान न्यूनतम 1.3% है। प्रदेश के 49 जिलों की साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 5% से कम है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। वीसी में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान, अपर  मुख्य सचिव गृह श्री राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी आदि उपस्थित थे।

प्रदेश में आज ब्लेक फंगस के इंजेक्शन एंम्फोटेरिसन बी 2300 आए हैं तथा कल 3850 प्राप्त होंगे। इसके अलावा 12 हजार टेबलेट भी आई हैं, अभी तक प्रदेश को 13514 एम्फोटेरिसिन बी इंजेक्शन प्राप्त  हुए हैं।

प्रदेश में मुख्यमंत्री कोविड उपचार योजना के अंतर्गत कुल 10 हजार 852 कोविड मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया गया है। वर्तमान में योजना में 5464 मरीज उपचाररत हैं, जिन पर आज की स्थिति में 9 करोड़ 34 लाख 29 हजार रूपये व्यय किए गए हैं। इसके अलावा शासकीय अस्पतालों में 4977 तथा अनुबंधित अस्पतालों में 1115 कोविड मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है।