Type Here to Get Search Results !

सहायता राशि के साथ फसल बीमा की 25 प्रतिशत अग्रिम क्लेम राशि दी जाएगी : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। फसलों में 50 फीसदी से अधिक नुकसान होने पर किसानों को प्रति हेक्टेयर 30 हज़ार रुपये की क्षतिपूर्ति के साथ ही फसल बीमा योजना का लाभ भी दिया जाएगा। बीमा कम्पनी से 25 प्रतिशत क्लेम राशि अग्रिम रूप से दिलाई जाएगी और शेष 75 प्रतिशत राशि क्लेम फाइनल होने पर दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रभावित किसानों के कर्ज को अल्पकालीन से मध्यमकालीन करने और एक वर्ष के ब्याज की राशि राज्य शासन द्वारा भरे जाने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान शनिवार को विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम उनारसी कलां में ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त हुई का फसलों को जायज़ा लेने के बाद किसानों को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों के धनिया, गेहूँ, चना और सरसों के खेत में जाकर ओला से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संकट की इस घड़ी में मैं किसानों के साथ हूँ, किसान चिंता न करें, उनके हुए नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि फसलों के सर्वे कार्य में पारदर्शी व्यवस्था अपनाई जाए और सर्वे सूची ग्राम पंचायत भवन में चस्पा करें। कोई भी किसान सर्वे से छूटना नहीं चाहिये। जिन किसानों को आपत्ति हो उनकी फसल का पुनः सर्वे किया जाए।