बेसिक पुलिसिंग को बढावा देने डीजीपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस लाइनों का निरीक्षण करके मौके पर दिए गए सुधार के निर्देश
भोपाल। कोविड काल में तील साल से प्रदेशभर में बंद हुई जनरल परेड को डीजीपी के निर्देश शुक्रवार को प्रदेशभर में आयोजित किया गया। इसके चलते भोपाल में पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर और इंदौर में हरीनारायणचारी मिश्रा ने परेड की सलामी ली। इसके साथ प्रदेशभर में पुलिस लाइनों का निरीक्षण करके सुधार के निर्देश दिए गए।
दरअसल जनरल परेड पुलिस बल में अनुशासन तथा शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के लिए विशेष महत्व रखती है। इसी बात को ध्यान रखते हुए पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने बेसिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए पुलिस के सभी कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक तथा कमांडेंट को शुक्रवार को जनरल परेड तथा पुलिस लाईन का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इसी के पालन में प्रदेश के सभी जिलों, बटालियनों तथा पीटीएस में जनरल परेड हुई। साथ ही सभी पुलिस अधीक्षक/कमांडेंट्स ने पुलिस लाईन के निरीक्षण के दौरान अर्दली रूम लिया एवं वाहन शाखा का भी निरीक्षण किया। पुलिस लाईन के निरीक्षण के दौरान पुलिस के जवानों तथा उनके परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाईन के आवासों, अन्य भवनों तथा मैदान का निरीक्षण कर साफ-सफाई आदि की समीक्षा की। जनरल परेड और पुलिस लाईन निरीक्षण का आयोजन अब नियमित अंतराल पर निरंतर किया जायेगा।


