मुंबई। जान्हवी कपूर ने हाल ही में बताया कि जब वह 10 साल की थीं, तब उन्होंने पहली बार अपनी मॉर्फ्ड तस्वीर देखी थी। एक्ट्रेस ने कहा कि उनकी वह फोटो पैपराजी ने क्लिक की थी। हालांकि, बाद में किसी ने उस फोटो के साथ छेड़खानी कर उसे बदल दिया। जान्हवी ने बताया उन्होंने उस फोटो को याहू के होमपेज पर देखा था।
न्यूजलॉन्ड्री को दिए इंटरव्यू के दौरान जान्हवी ने बताया कि पहली बार अश्लील वेब साइट्स पर अपनी मॉर्फ्ड फोटोज देखकर उन्हें झटका लगा था। इस फोटो को लेकर स्कूल में उनका बहुत मजाक भी बनाया गया था।
जान्हवी ने कहा- 'कैमरा हमेशा मेरी जिंदगी का हिस्सा रहा है। हमारे बचपन में जब भी हम बाहर जाते थे, लोग बिना हमारी परमिशन के हमारी फोटोज लेने लगते थे। मैं 10 साल की थी, जब पहली बार मेरी एक फोटो वायरल हो गई थी। मैं जब अपने स्कूल के लैब में पहुंची, तो देखा कि मेरे क्लासमेट की कंप्यूटर स्क्रीन पर मेरी पैपराजी फोटोज दिख रही थीं।'
